Palamu News: जिले के चार परीक्षा केंद्रों पर रविवार को आयोजित नीट (यूजी) पुनर्परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई. परीक्षा के लिए जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा और निगरानी के व्यापक इंतजाम किए गए थे.
परीक्षा के दौरान उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत और पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने जिला स्कूल ऑफ एक्सीलेंस तथा योध सिंह नामधारी महिला महाविद्यालय परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, जैमर, प्रवेश प्रक्रिया सहित अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
जिले में परीक्षा के लिए कुल 1835 अभ्यर्थी पंजीकृत थे. इनमें से 1693 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 142 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे. प्रशासन के अनुसार सभी केंद्रों पर परीक्षा निर्धारित समय पर शुरू हुई और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई.
जिला स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, मेदिनीनगर में 430 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 37 अनुपस्थित रहे. सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स केजी स्कूल में 442 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 38 अनुपस्थित रहे. आर.के. +2 हाई स्कूल में 486 अभ्यर्थी उपस्थित तथा 42 अनुपस्थित रहे. वहीं योध सिंह नामधारी महिला महाविद्यालय में 335 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 25 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे.
परीक्षा को कदाचारमुक्त बनाने के लिए सभी केंद्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी. सीसीटीवी निगरानी, जैमर और सघन जांच व्यवस्था के बीच अभ्यर्थियों को केंद्रों में प्रवेश दिया गया. जिला प्रशासन ने परीक्षा के सफल संचालन पर संतोष व्यक्त किया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment