Search

 
 
 

Palamu News : चैनपुर के रामपुर गांव में जमीन विवाद में चली गोली, एक की मौत, कई घायल

जिले के  चैनपुर थाना क्षेत्र स्थित रामपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और गोलीबारी हुई है. इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है. मृतक की पहचान सिकंदर चौधरी (30 वर्ष) के रूप में हुई है. जबकि कई लोग घायल हुए हैं.
 

Palamu :  जिले में आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है. ताजा मामला चैनपुर थाना क्षेत्र के रामपुर इलाके का है, जहां जमीन विवाद को लेकर दबंगों ने खुलेआम ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इस खूनी घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि कई लोग गोली लगने से घायल हो गए.

 

जानकारी के अनुसार, एक विधवा महिला अपने जमीन पर घर निर्माण करा रही थी. इसी दौरान गांव के कुछ दबंग और कथित जमीन माफिया वहां पहुंचे और निर्माण कार्य रोकने लगे. विरोध होने पर मामला इतना बढ़ गया कि दर्जनों की संख्या में पहुंचे हथियारबंद लोगों ने राइफल और पिस्टल से कई राउंड फायरिंग शुरू कर दी.

 

घटना में सिकंदर चौधरी को गंभीर गोली लगी, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. वहीं मधु चौधरी, संजय चौधरी, यशवंत कुमार समेत अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं. सभी का इलाज अस्पताल में चल रहा है.


स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में जमीन माफियाओं का नेटवर्क लगातार सक्रिय है और पुलिस सबकुछ जानते हुए भी समय पर कार्रवाई नहीं करती. लोग यह भी कह रहे हैं कि अगर पहले से चल रहे जमीन विवाद पर प्रशासन गंभीर होता, तो शायद आज एक जान नहीं जाती.

 

अब पुलिस घटना के बाद छापेमारी और जांच की बात कह रही है. लेकिन हर बड़ी घटना के बाद यही बयान सुनने को मिलता है. सवाल यह भी उठ रहा है कि जब अपराधी खुलेआम लाइसेंसी और अवैध हथियार लेकर गांव में घुस रहे हैं, तो स्थानीय पुलिस और खुफिया तंत्र आखिर कर क्या रहा था?

 

पलामू में लगातार बढ़ती हत्या, गोलीबारी और जमीन कब्जे की घटनाओं ने आम लोगों में डर का माहौल बना दिया है. लोगों का कहना है कि अब अपराधियों को पुलिस का नहीं, बल्कि गरीब और कमजोर लोगों को अपराधियों का डर सताने लगा है. फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. चैनपुर थाना प्रभारी लालजी ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही