Search

 
 
 

Palamu News : कंडा पैक्स में 13.87 लाख के धान घोटाले का खुलासा, कंप्यूटर ऑपरेटर गिरफ्तार

Palamu News : कंडा पैक्स के माध्यम से करीब छह हजार क्विंटल धान की खरीद दर्ज की गई थी.इसमें करीब चार हजार क्विंटल धान का भुगतान सरकार की ओर से किया जा चुका था.
 
गिरफ्तार आरोपी.
  • फर्जी आईडी से 500 क्विंटल धान की खरीद दिखाई
  • पत्नी और मां के खातों में कराया भुगतान

Medininagar News : पलामू जिले के नावाबाजार प्रखंड के कंडा पैक्स में धान खरीद के नाम पर करीब 13.87 लाख रुपये की गड़बड़ी का मामला सामने आया है. पुलिस अनुसंधान में पैक्स के कंप्यूटर ऑपरेटर राहुल गुप्ता की भूमिका सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. पुलिस के अनुसार, फर्जी आईडी बनाकर धान की खरीद दिखाई गई. रुपये के भुगतान में राहुल की पत्नी और मां के बैंक खातों का भी इस्तेमाल किया गया.

 

इसे भी पढ़ें


कंडा पैक्स के माध्यम से करीब छह हजार क्विंटल धान की खरीद दर्ज की गई थी. इसमें करीब चार हजार क्विंटल धान का भुगतान सरकार की ओर से किया जा चुका था. इसके बाद किसानों ने बकाया राशि के भुगतान के लिए पैक्स पर दबाव बनाना शुरू किया. इसी दौरान पैक्स में उपलब्ध धान व रिकॉर्ड की जांच की गई. जांच में कागज पर दर्ज धान की मात्रा और वास्तविक स्टॉक में अंतर मिला.


पुलिस के अनुसार, रिकॉर्ड में करीब छह हजार क्विंटल धान की खरीद दिखाई गई थी, जबकि पैक्स के पास करीब 5,500 क्विंटल धान का ही हिसाब मिला. करीब 500 क्विंटल धान की खरीद फर्जी आईडी के माध्यम से दिखाई गई. यह धान वास्तविक रूप से पैक्स के गोदाम तक नहीं पहुंचा. इसके बावजूद करीब 13.87 लाख रुपये का भुगतान कर दिया गया.


धान खरीद में गड़बड़ी सामने आने के बाद कंडा पैक्स अध्यक्ष प्रभुनारायण सिंह ने नावाबाजार थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. अनुसंधान के दौरान फर्जी आईडी तैयार करने, धान की खरीद दर्ज करने और भुगतान से जुड़े कई तथ्य सामने आए.


नावाबाजार थाना प्रभारी संजय कुमार यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कंप्यूटर ऑपरेटर राहुल गुप्ता और उसके एक दोस्त की भूमिका सामने आई है. पुलिस दोनों की भूमिका की गंभीरता से जांच रही है. राहुल गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. मामले में अन्य लोगों की भूमिका और पैसों के लेन-देन की भी जांच की जा रही है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही