Medininagar News : पलामू के अपर समाहर्ता कुंदन कुमार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में प्रोन्नति मिली है. राज्य सिविल सेवा कोटे से उन्हें यह प्रोन्नति वर्ष 2024 की रिक्तियों के आधार पर दी गई है. केंद्र सरकार ने उन्हें झारखंड कैडर आवंटित किया है. केंद्र सरकार के कार्मिक विभाग ने इस संबंध में 10 नवंबर को अधिसूचना जारी की है.
इसे भी पढ़ें
जारी अधिसूचना के अनुसार, कुंदन कुमार की नियुक्ति वर्ष 2024 की चयन सूची 2024 के तहत की गई है. उनकी नियुक्ति संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की अनुशंसा के आधार पर हुई है. UPSC ने 27 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र के माध्यम से उनके नाम को अंतिम और बिना किसी शर्त के स्वीकृति प्रदान की थी.
इसके बाद राष्ट्रपति ने कुंदन कुमार को भारतीय प्रशासनिक सेवा में नियुक्त किया. नियुक्ति के साथ ही उन्हें झारखंड कैडर आवंटित किया गया है. हालांकि, यह नियुक्ति पूरी तरह अंतिम नहीं मानी जाएगी. अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि कुंदन कुमार की IAS में नियुक्ति राधेश्याम प्रसाद द्वारा दायर रिट याचिका (W.P. (S) No. 2565 of 2024) में आने वाले न्यायालय के निर्णय के अधीन रहेगी.
कुंदन कुमार की इस उपलब्धि पर पलामू डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने शुक्रवार को उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी. उनके उज्ज्वल भविष्य और नई प्रशासनिक जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं भी दीं. डीसी ने उम्मीद जताई कि कुंदन कुमार आगे भी जनसेवा के क्षेत्र में बेहतर योगदान देते रहेंगे. उनकी यह सफलता झारखंड प्रशासनिक सेवा के अन्य अधिकारियों के लिए प्रेरणास्रोत है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

