Search

 
 
 

Palamu News : मेदिनीनगर के पोखराहा में आरओबी निर्माण की मांग पर सियासत तेज

पांकी विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता ने भाजपा जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में आयोजित धरना-प्रदर्शन में भाग लिया. उन्होंने डीसी के माध्यम से केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री को ज्ञापन भेजकर पोखराहा और जोड़ चौक पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग की.
 
धरना पर बैठे पांकी विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता व अन्य.
  • सीएम के ट्वीट के बाद स्थल का जायजा लेने पहुंचे थे एसपी–डीसी

Medininagar : पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के पोखराहा में फोरलेन पर सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत, उग्र प्रदर्शन और 150 से अधिक लोगों पर एफआईआर दर्ज होने के बाद अब आरओबी निर्माण की मांग को लेकर सियासत तेज हो गई है. पांकी विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता ने भाजपा जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में आयोजित धरना-प्रदर्शन में भाग लिया. उन्होंने डीसी के माध्यम से केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री को ज्ञापन भेजकर पोखराहा और जोड़ चौक पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग की.

 

 

ज्ञात हो कि पोखराहा चौक बीते करीब 20 दिनों में सड़क दुर्घटनाओं का ब्लैक स्पॉट बनकर उभरा है. इस दौरान तीन अलग-अलग सड़क हादसों में लोगों की जान जा चुकी है, जबकि कई छोटे-बड़े हादसे भी हुए हैं. 13 जून की सुबह ड्यूटी पर जा रहे पोखराहा खुर्द निवासी सुरक्षा गार्ड रामरेखा पासवान की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई थी. घटना के बाद लोगों ने जमकर हंगामा किया था. उस समय पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी मौके पर पहुंचे थे, लेकिन क्षेत्र के विधायक आलोक चौरसिया व पलामू सांसद वीडी राम घटनास्थल पर नहीं पहुंचे. 


पोखराहा बाइपास के पास सड़क हादसे में मजीद अंसारी की मौत के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया था. अस्थायी चेकपोस्ट को भी क्षतिग्रस्त कर दिया. मामले में सदर थाना में 34 नामजद और 125 से अधिक अज्ञात के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिस चेकपोस्ट तोड़ने समेत विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है. लोगों का यह आरोप है कि अगर पहले मामले में संज्ञान लेकर बैरिकेडिंग आदि की जाती है तो शायद घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होती.

 

घटना के अगले दिन झामुमो कार्यकर्ता सनी शुक्ला द्वारा किए गए ट्वीट पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले का संज्ञान लिया, जिसके बाद पलामू के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक पोखराहा पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया था.इसी घटनाक्रम और पुलिस कार्रवाई के बाद पांकी विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता ने इस मुद्दे को लेकर धरना-प्रदर्शन में भाग लिया और केंद्र सरकार को ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में उन्होंने पोखराहा स्थित एनएच-75 और डीएलपी पथ क्रॉसिंग तथा जोड़ चौक पर अविलंब आरओबी निर्माण शुरू कराने की मांग की है. इसके अलावा सड़क निर्माण कार्य पूरा होने तक जोरकट स्थित टोल प्लाजा पर टोल वसूली बंद करने की भी मांग रखी है.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही