Palamu News : हुसैनाबाद थाना के पुरंदर बीघा में बीती रात युवक की हत्या के विरोध में ग्रामीणों ने जपला-छतरपुर मुख्य सड़क को बाधित कर दिया गया है. इस दौरान सिद्धनाथ गेट, नवीनगर मोड़ और सिद्धनाथ पेट्रोल पंप के पास जाम के कारण आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा.
आक्रोशितों ने हत्या में शामिल अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे.इस दौरान हुसैनाबाद की कई दुकानों को भी बंद कराया गया. खबर लिखे जाने तक जाम लगातार जारी है.इधर, पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है.
ओमप्रकाश सिंह बुधवार की रात अपनी गाड़ी रोककर किसी व्यक्ति से बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान बाइक पर सवार अपराधी वहां पहुंचे और उन्हें गोली मार दी. गोली लगने के बाद ओमप्रकाश गाड़ी से उतरकर भागने लगे. इसी क्रम में अपराधियों ने उन्हें दोबारा गोली मार दी. इसके बाद अपराधी मौके से फरार हो गए. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था.
इधर मृतक ओमप्रकाश सिंह का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है. पुलिस के अनुसार हुसैनाबाद थाना में ओमप्रकाश के खिलाफ कुल आठ मामलों में एफआईआर दर्ज है. पुलिस हत्या की घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने के साथ उसके पुराने आपराधिक मामलों को भी जांच के दायरे में रखकर छानबीन कर रही है.मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर भेजा गया है.

