Search

 
 
 

Palamu News : चांदी साफ करने के बहाने महिलाओं को ठगने वाले छह गिरफ्तार

जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र में चांदी साफ करने के बहाने महिलाओं को ठगी करने वाले छह लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से एक सोने जैसा मंगलसूत्र, चांदी साफ करने में इस्तेमाल होने वाला पाउडर, एसिड, तीन बाइक और अन्य सामान बरामद किए गए हैं.
 
  • ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने गिरोह का पर्दाफाश
  • सोने का मंगलसूत्र समेत कई सामान बरामद

Palamu : जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र में चांदी साफ करने के बहाने महिलाओं को ठगी करने वाले छह लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से एक सोने जैसा मंगलसूत्र, चांदी साफ करने में इस्तेमाल होने वाला पाउडर, एसिड, तीन बाइक और अन्य सामान बरामद किए गए हैं.

 

जानकारी के अनुसार, मंगलवार की दोपहर हुल्सी खुर्द गांव निवासी अनिता देवी के घर दो युवक पहुंचे और चांदी के आभूषण साफ करने की बात कही. दोनों ने महिला की चांदी की अंगूठी साफ कर वापस कर दी, जिससे उनका विश्वास जीत लिया. इसके बाद आरोपियों ने मंगलसूत्र साफ करने के बहाने अपने कब्जे में ले लिया.

 

आरोप है कि मंगलसूत्र साफ करने के दौरान दोनों ने असली मंगलसूत्र अपने बैग में रख लिया. वहीं महिला को कागज में पाउडर व अन्य पदार्थ लपेटकर दिया और कहा कि कुछ देर बाद खोलने पर मंगलसूत्र चमकता हुआ मिलेगा.

 

महिला को शक होने पर उसने ग्रामीणों की मदद से दोनों युवकों को पकड़ लिया और पुलिस को इसकी जानकारी दी. सूचना मिलने पर नौडीहा बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी ली. इस दौरान राहुल कुमार के बैग से महिला का मंगलसूत्र बरामद हुआ.

 

पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने गिरोह के चार अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया. 

 

पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य दो-दो लोगों के समूह में बाइक से गांव-गांव घूमते थे. चांदी साफ करने के दौरान आभूषणों के कुछ हिस्सों को गलाकर अपने पास रख लेते थे और बाद में उसे अलग कर बेच देते थे. वहीं मौका मिलने पर सोने के आभूषण भी गायब करने का प्रयास करते थे.

 

इस मामले में अनिता देवी के आवेदन पर नौडीहा बाजार थाना में मामला दर्ज किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में सुपौल जिले के जदिया निवासी प्रिंस कुमार, राहुल कुमार और रोहित कुमार तथा अररिया जिले के मटियारी निवासी प्रभु कुमार शाह, रोहन कुमार और अक्षय कुमार शामिल हैं.

 

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक मंगलसूत्र, चांदी साफ करने वाला सफेद पाउडर, एसिड, दो लोहे के कटर, तीन बाइक और माप-तौल की एक छोटी मशीन बरामद की है. मामले की जांच जारी है.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही