Palamu News : दुर्गा पूजा महोत्सव शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होने पर पलामू एसपी ने जिलावासियों का आभार जताया है. साथ ही पूजा समितियों, जिला प्रशासन, पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों, जनप्रतिनिधियों, मीडिया प्रतिनिधियों के साथ-साथ प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों को धन्यवाद दिया है.
एसपी ने कहा है कि किसी भी पर्व-त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में आम जनता का सहयोग, आपसी सद्भाव और प्रशासन के साथ समन्वय महत्वपूर्ण होता है. दुर्गा पूजा के दौरान जिलावासियों ने धैर्य, जिम्मेदारी और सामाजिक सौहार्द का परिचय दिया, जो सराहनीय है.
इसे भी पढ़ें
उन्होंने कहा कि पूजा समितियों ने पूजा पंडालों में व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुविधा और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों के पालन में सहयोग किया. वहीं, पुलिस एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों और कर्मियों ने सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन को लेकर तत्परता से अपनी जिम्मेदारियां निभाईं.
एसपी ने मीडिया प्रतिनिधियों के योगदान की भी प्रशंसा की. उन्होंने जिलावासियों से भविष्य में भी शांति, भाईचारा और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने और पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है. पलामू पुलिस ने कहा कि जिले में शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है.
बता दें कि 20 से 22 अक्टूबर तक तीन दिनों में जिले के स्थापित सभी दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण तरीके से किया गया. पलामू में 690 पूजा पंडाल स्थापित किए गए थे, जिनमें 96 लाइसेंसी और 594 गैर-लाइसेंसी पूजा पंडाल शामिल थे.

