Medininagar News : पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र स्थित राजहरा कोलियरी में ब्लास्टिंग को लेकर विवाद गहरा गया है. ग्रामीणों ने दो बार विस्फोटक लदी गाड़ियों को रोककर विरोध जताया. इस मामले में सीसीएल प्रबंधन और महिला पुलिसकर्मी की ओर से दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.
इसे भी पढ़ें
जानकारी के अनुसार, 21 नवंबर को ब्लास्टिंग के लिए करीब 500 किलो विस्फोटक ले जाया जा रहा था. इसी दौरान ग्रामीणों ने वाहन रोक दिया. इस मामले में सीसीएल के सुरक्षा विभाग में कार्यरत बलराम साव ने 15 ग्रामीणों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है.
वहीं, ग्रामीणों का आरोप है कि घरों के नजदीक ब्लास्टिंग से मकानों को नुकसान पहुंचने का खतरा है. ग्रामीणों ने यह भी बताया कि पहले हुई ब्लास्टिंग में तीन लोगों को चोट लगी थी.
23 नवंबर की देर शाम विस्फोटक लदे वाहन रोकने को लेकर फिर विवाद हुआ. मौके पर पहुंची पुलिस के साथ ग्रामीणों की कहासुनी हुई. इस दौरान महिला सिपाही तारा देवी के साथ ग्रामीणों के उलझने का आरोप लगाया गया है. महिला सिपाही ने छह नामजद और 30 से 35 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. पड़वा थाना प्रभारी अंकित कुमार ने दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

