- सुपारी देकर कराई थी हत्या
Medininagar News : पलामू जिला पुलिस ने तरहसी थाना क्षेत्र में हुए तुलेश्वर महतो हत्याकांड का खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में तुलेश्वर की पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, दूसरी शादी से नाराज पत्नी उर्मिला देवी ने तुलेश्वर महतो की हत्या कराने के लिए डेढ़ लाख रुपये की सुपारी दी थी.
इसे भी पढ़ें
ज्ञात हो कि 21 अक्टूबर को बेदानीखुर्द गांव निवासी 45 वर्षीय तुलेश्वर महतो को अपराधियों ने घर से बुलाकर गोली मारकर हत्या कर दी थी. इस मामले में मृतक के भाई मुरारी महतो के बयान पर तरहसी थाना में कांड संख्या 114/26 के तहत अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पलामू एसपी के निर्देश पर लेस्लीगंज एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी. पुलिस ने अनुसंधान के दौरान मृतक के साढ़ू शैलेश महतो और उसके बेटे राहुल कुमार से पूछताछ की. राहुल कुमार ने हत्या की साजिश का खुलासा किया.
पुलिस के मुताबिक, तुलेश्वर महतो ने अपनी पहली पत्नी उर्मिला देवी को छोड़कर दूसरी शादी कर ली थी. इससे नाराज उर्मिला देवी ने अपने भांजे राहुल कुमार से मिलकर हत्या की योजना बनवाई. राहुल ने डेढ़ लाख रुपये देकर अपने साथी ट्रक चालक शंकर यादव से संपर्क किया. शंकर यादव ने मनिका के नरेश सिंह को सुपारी की रकम देकर तुलेश्वर महतो की हत्या करवा दी.
पुलिस ने आरोपी पत्नी उर्मिला देवी समेत राहुल कुमार, शंकर यादव और नरेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक देसी कट्टा, एक गोली, 2 बाइक और सभी आरोपियों के मोबाइल फोन बरामद किए हैं. छापेमारी में लेस्लीगंज एसडीपीओ, पाटन अंचल के पुलिस निरीक्षक, तरहसी थाना प्रभारी राजेश रंजन सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

