Search

 
 
 

Palamu News : लेस्लीगंज में विजय उरांव समझकर जिस शव का हुआ था अंतिम संस्कार, वह निकला सुदामा भुइयां का

Palamu News : अगस्त 2025 में लेस्लीगंज थाना क्षेत्र से एक अज्ञात शव बरामद हुआ था. उस समय शव की पहचान विजय उरांव के रूप में उनके परिजनों ने की थी. इसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया था. परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया था.
 
थाना की फाइल फोटो.
  • DNA रिपोर्ट में हुआ खुलासा

Medininagar News : पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में 22 अगस्त 2025 को बरामद शव की पहचान को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है. जिस शव को झारखंड पुलिस के जवान विजय उरांव का समझकर परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया था, डीएनए जांच में वह शव किसी और का निकला है. फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की रिपोर्ट के अनुसार, बरामद शव सतबरवा थाना क्षेत्र के कमरू गांव निवासी सुदामा भुइयां का था.

 

इसे भी पढ़ें


इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद पूरे मामले में नया मोड़ आ गया है. सबसे बड़ी बात यह है कि पुलिस जवान विजय उरांव अभी भी लापता हैं और उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है.


दो परिवारों ने किया था शव पर अपना दावा

दरअसल, अगस्त 2025 में लेस्लीगंज थाना क्षेत्र से एक अज्ञात शव बरामद हुआ था. उस समय शव की पहचान विजय उरांव के रूप में उनके परिजनों ने की थी. इसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया था. परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया था.
हालांकि, कुछ समय बाद कमरू गांव निवासी मंजू देवी थाना पहुंचीं और दावा किया कि बरामद शव उनके लापता पति सुदामा भुइयां का है. इसके बाद शव की वास्तविक पहचान को लेकर मामला उलझ गया.


FSL की DNA रिपोर्ट ने खोला राज

दोनों परिवारों के दावों के बाद पलामू पुलिस ने सितंबर 2025 में पोस्टमार्टम के दौरान सुरक्षित रखे गए नमूनों और दोनों परिवारों के डीएनए सैंपल को जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी भेजा था. अब आई एफएसएल रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ कि शव विजय उरांव का नहीं, बल्कि सुदामा भुइयां का था.


लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने भी FSL रिपोर्ट की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि रिपोर्ट मिल गई है. इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और पूरे मामले की नए सिरे से जांच होगी.


देवघर श्रावणी मेले में ड्यूटी के दौरान लापता हुए थे विजय उरांव

पुलिस जवान विजय उरांव मुसाबनी में पदस्थापित थे. अगस्त 2025 में उनकी ड्यूटी देवघर के श्रावणी मेले में लगाई गई थी. इसी दौरान 8 अगस्त 2025 को वह रेलवे स्टेशन से रहस्यमय तरीके से लापता हो गए थे. वहीं, सुदामा भूइयां 19 अगस्त 2025 से लापता थे. उनकी पत्नी मंजू देवी ने सतबरवा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी.

जवान विजय के परिवार को अब तक नहीं मिला मुआवजा

शव की पहचान को लेकर मामला उलझने के कारण विजय उरांव के परिजनों को अब तक सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा मुआवजा नहीं मिल पाया है. डीएनए रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि विजय उरांव की तलाश अभी बाकी है. परिजनों का कहना है कि वे जल्द ही पुलिस के वरीय अधिकारियों से मुलाकात कर विजय उरांव की तलाश तेज करने की मांग करेंगे.


अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर 8 अगस्त 2025 को देवघर श्रावणी मेला ड्यूटी के दौरान लापता हुए पुलिस जवान विजय उरांव कहां हैं और इतने लंबे समय बाद भी उनका कोई सुराग क्यों नहीं मिल पाया है?

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही