Medininagar : पलामू पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाये जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई की है. नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के महुरांव चौक के पास पुलिस ने ट्रक से करीब 443 किलो गांजा बरामद किया है. इसकी अनुमानित कीमत करीब 2.20 करोड़ रुपये बतायी जा रही है. पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. गांजा को ट्रक में नारियल पानी (डाब) के बीच छिपाकर रखा गया था.
इसे भी पढ़ें
पलामू एसपी कपिल चौधरी को शनिवार को महुरांव में गांजा की तस्करी व भंडारण की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने छापेमारी कर महुरांव निवासी जमशेद आलम (25) अली रजा (19) को ट्रक से गांजा उतारते हुए पकड़ लिया.
पुलिस को ट्रक पर नारियल पानी के बीच छिपाकर रखे गये 16 प्लास्टिक के बोरे मिले. इनमें 424 छोटे-छोटे पैकेट बनाकर करीब 443 किलो गांजा रखा गया था. पुलिस ने डीडी किट से जांच की, जिसमें गांजा होने की पुष्टि हुई.इसके बाद गांजा समेत ट्रक ( नंबर OD-14AB 1072), एक टेम्पो ( नंबर BR-26PB 2661) व दो मोबाइल फोन जब्त किए गये.
पूछताछ में पुलिस को गांजा तस्करी के नेटवर्क के पलामू के अलावा बिहार के औरंगाबाद और ओडिशा तक फैले होने की जानकारी मिली है. पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
छापेमारी में छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार, छतरपुर पुलिस निरीक्षक द्वारिका राम, नौडीहा बाजार थाना प्रभारी नीरज कुमार समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

