Medininagar News : पलामू पुलिस ने पशुओं से लदे दो कंटेनर जब्त किये हैं. दोनों कंटेनरों से कुल 73 भैंस और भैंसा बरामद किये गये हैं. इन्हें तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था. पुलिस ने पशु तस्करी में लिप्त छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई पलामू एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई.
इसे भी पढ़ें
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सोमवार की रात सूचना मिली थी कि लोहरदगा से दो कंटेनर बिहाकर के डिहरी ऑन सोन की ओर ले जा रहे हैं. दोनों कंटेनरों पर क्षमता से अधिक मवेशी लदे हैं. इसके बाद मेदिनीनगर सदर एसडीपीओ राजेश यादव के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की गई.
पुलिस टीम ने एनएच-39 पर जोड़ चेकपोस्ट के पास वाहन जांच अभियान चलाया. इसी दौरान रात करीब 2:50 बजे चियांकी की ओर से एक कंटेनर आता दिखाई दिया. पुलिस को देख चालक ने कंटेनर को तेजी से भगाने का प्रयास किया. लेकिन, जवानों ने तत्परता दिखाते हुए कंटेनर को पकड़ लिया. कंटेनर से कुल 38 पशु बरामद किये गये. इसके बाद पुलिस ने पोखराहा चौक के पास दूसरे कंटेनर को पकड़ा. उससे 35 भैंस और भैंसा बरामद किए गए. दोनों कंटेनरों को जब्त कर लिया गया.
उत्तर प्रदेश और लोहरदगा के छह आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में दोनों कंटेनरों के चालकों सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के अजीम और मो. फरजान, जबकि लोहरदगा जिले के तैमुरू कुरैशी, मो. राजा, इरसाद अंसारी और गुलजार अंसारी शामिल हैं. छापेमारी टीम में सदर एसडीपीओ राजेश यादव, सदर थाना के एसआई कुलेश्वर महतो, एएसआई पंकज कुमार तिवारी, संजय कुमार दुबे व जवान शामिल थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

