Medininagar News : जमशेदपुर में हुई बैंक लूट की घटना के बाद पलामू जिले में बैंकों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है. रविवार को जिले में विभिन्न बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था की विशेष ऑडिट की गई. पुलिस की टीमें मुख्य शहर, राजमार्ग के किनारे और शहर से दूर स्थित बैंक शाखाओं में पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों की पड़ताल की.
इसे भी पढ़ें
इस दौरान बैंक के प्रवेश और निकास के रास्ते, सीसीटीवी कैमरे, अलार्म सिस्टम, सुरक्षा गार्ड की तैनाती और बैंक परिसर में मौजूद अन्य सुरक्षा इंतजामों की जांच की जा रही है. पुलिस आपात स्थिति में बैंक प्रबंधन और सुरक्षा कर्मियों की क्या तैयारी का भी जायजा ले रही है.
पुलिस टीम ने बैंक के आसपास के इलाके का भी जायजा लिया. बैंक के बाहर संदिग्ध गतिविधियों, आने-जाने वाले रास्तों और पुलिस की गश्ती व्यवस्था की जानकारी ली गई. खासकर ऐसे बैंक जो मुख्य शहर से दूर या राजमार्ग के किनारे स्थित हैं, वहां सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि जमशेदपुर की घटना के बाद जिले के विभिन्न बैंकों में सुरक्षा ऑडिट कराई जा रही है. पूरे जिले में यह जांच चल रही है. पुलिस टीमों को बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था की पड़ताल करने और कमियों को चिह्नित करने का निर्देश दिया गया है. सुरक्षा व्यवस्था में जहां भी कमी मिलेगी, उसे दूर करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे. इस अभियान के तहत पुलिस अधिकारी बैंक शाखाओं में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते नजर आए.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

