Palamu News : तरहसी थाना क्षेत्र के छेचानी गांव में शनिवार रात जन्माष्टमी मूर्ति विसर्जन के लिए निकले जुलूस के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया. आपसी विवाद के बाद मौके पर अफरा–तफरी मच गई. इसी दौरान चिल्हो गांव निवासी 25 वर्षीय चंदन साव की मौत हो गई. चंदन का शव गांव के ही एक कुएं से बरामद किया गया.
जानकारी के अनुसार, मूर्ति विसर्जन के लिए जुलूस निकला था. इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई. इसके बाद चंदन साव के लापता होने की बात सामने आई. खोजबीन के दौरान उसका शव कुएं में मिला. घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं.
घटना की सूचना मिलने पर तरहसी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. पुलिस घटना के दौरान मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है. पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है.
इस संबंध में तरहसी थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया कि फिलहाल घटना की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पा रही है. पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

