Search

 
 
 

पलामूः रामनवमी पर सुरक्षा कड़ी, प्रशासन-पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च

सदर एसडीएम सुलोचना मीणा के नेतृत्व में सोमवार को शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया. पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों व जवानों ने पूरे इलाके में पैदल गश्त कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया.
 

Medininagar : पलामू जिला पुलिस-प्रशासन रामनवमी शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर पूरी तरह अलर्ट है. सदर एसडीएम सुलोचना मीणा के नेतृत्व में सोमवार को शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया. फ्लैग मार्च शहर थाना परिसर से शुरू होकर हॉस्पिटल चौक, कनीराम चौक, लालकोठा, तेलीपट्टी, मुस्लिमनगर, शिवाला रोड, नवाटोली, कुंजड़ापट्टी, बेलवाटिका और सद्दीक चौक जैसे संवेदनशील व भीड़भाड़ वाले इलाकों से गुजरते हुए वापस थाना पहुंचा.

 

इस दौरान पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों व जवानों ने पूरे इलाके में पैदल गश्त कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया. साथ ही आमलोगों से आपसी भाईचारा, शांति व सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की. अधिकारियों ने कहा कि अफवाह फैलाने व कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

 

 

मार्च के दौरान संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने, जुलूस मार्गों की सतत मॉनिटरिंग करने तथा सीसीटीवी के माध्यम से नजर रखने के निर्देश दिए गए. एसडीएम ने बताया कि पर्व के दौरान प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी.

 

फ्लैग मार्च में सदर एसडीपीओ राजीव रंजन, शहर थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार, टीओपी 1 प्रभारी इंद्रदेव पासवान, टीओपी 2 प्रभारी राकेश कुमार सिंह, ट्रैफिक इंचार्ज सुरेंद्र दुबे समेत बड़ी संख्या में पुलिस जवान मौजूद रहे.


अनुमंडलों में वरीय अधिकारी करेंगे निरीक्षण


इधर, पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए मंगलवार से जिले के सभी अनुमंडल क्षेत्रों में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा. इस दौरान डीसी, एसपी सहित अन्य वरीय प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी संयुक्त रूप से प्रमुख मार्गों, जुलूस रूट व संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण करेंगे. रूट का भौतिक सत्यापन भी करेंगे. ताकि पर्व के दिन किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही