Search

 
 
 

पलामूः दो युवकों को रौंदने वाले वाहन का चालक अस्पताल से फरार, विरोध में सड़क जाम

परिजनों का कहना है कि बीएसएनएल की गाड़ी का चालक हादसे में घायल हुआ था और उसका इलाज चल रहा था. इसी दौरान वह अस्पताल से फरार हो गया. इस घटना से आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने पांकी-मेदिनीनगर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया.
 

Medininagar : पलामू जिले के पांकी-मेदिनीनगर मुख्य मार्ग पर सड़क हादसे में में दो युवकों की मौत के बाद पूरे पांकी क्षेत्र में शोक व आक्रोश का माहौल रहा. परिजनों का कहना है कि बीएसएनएल की गाड़ी का चालक हादसे में घायल हुआ था और उसका इलाज चल रहा था. इसी दौरान वह अस्पताल से फरार हो गया. इस घटना से आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने पांकी-मेदिनीनगर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया.

 

सूचना मिलते ही बीडीओ ललित प्रसाद सिंह व जिला प्रतिनिधि सदस्य मुकेश सिंह चंदेल मौके पर पहुंचे और सड़क जाम कर रहे लोगों को काफी समझाया. पहले चरण की वार्ता के बाद सड़क को खाली कराया गया. हालांकि परिजन सड़क किनारे डटे रहे. जैसे ही दोनों शव पांकी पहुंचे, आक्रोश फिर भड़क उठा और सड़क को दोबारा जाम कर दिया गया. भाजपा नेत्री लवली गुप्ता ने जाम का समर्थन करते हुए परिजनों की मांगों को जायज ठहराया.

 

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार प्रयास होते रहे. अंततः प्रखंड प्रमुख पंचम प्रसाद व थाना प्रभारी राजेश रंजन के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ. थाना प्रभारी ने भरोसा दिलाया कि फरार चालक को दो दिनों के भीतर गिरफ्तार कर लिया जाएगा. साथ ही चारपहिया वाहन से जुड़े बीएसएनएल अधिकारियों के साथ थाना परिसर में वार्ता कराने का भी आश्वासन दिया.प्रखंड प्रमुख पंचम प्रसाद ने कहा कि प्रशासन से उन्हें ठोस आश्वासन मिला है और उन्हें भरोसा है कि शीघ्र कार्रवाई होगी.

 

 परिजनों ने आरोप लगाया कि बीएसएनएल गाड़ी का चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था जिसके चलते दुर्घटना हुई. उन्होंने मांग की कि बीएसएनएल मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा व सरकारी नौकरी दे. इधर भाजपा नेत्री लवली गुप्ता पीड़ित परिवार के घर पहुंचीं और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया.

 

मिली जानकारी के अनुसार, जाम हटने के बाद शवों को पैतृक गांव ले जाया गया. गांव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रद्धांजलि देने पहुंचे. मौके पर पुलिस इंस्पेक्टर, अंचल उप निरीक्षक महावीर प्रसाद, विधायक प्रतिनिधि राजेंद्र यादव, सतीश सिंह, राजदेव मेहता, कार्तिक सिंह, मिथलेश यादव, जयकिशोर प्रसाद, निरंजन सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी व समाजसेवी मौजूद थे.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही