Medninagar : शहर थाना क्षेत्र के नई मुहल्ला बेलवाटिका में एक महिला ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली. मृतका की पहचान पांकी थाना क्षेत्र के नावागढ़ निवासी राजकुमार साव की बेटी रश्मि कुमारी (21 वर्षीय) के रूप में हुई है. घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
इसे भी पढ़ें
जानकारी के अनुसार, रश्मि ने 5 अगस्त को विशाल कुमार के साथ प्रेम विवाह किया था. अंतरजातीय प्रेम विवाह करने के बाद रश्मि अपने पति के साथ नई मुहल्ला बेलवाटिका में रह रही थी. विशाल कुमार रोटरी स्कूल के पास मोमोज बेचने का काम करता था.
परिजनों के अनुसार, रश्मि ने शनिवार रात किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया. इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई. आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने के बाद शहर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली.
अंतरजातीय विवाह के करीब डेढ़ महीने बाद हुई महिला की मौत ने कई सवाल खड़े किए हैं. हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि महिला ने किन परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाया और घटना के पीछे क्या वजह रही. पुलिस इस बिंदु सहित अन्य पहलुओं पर जांच कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

