Ranchi News: राजधानी रांची के बरियातू स्थित आलम हॉस्पिटल में मरीज के परिजनों के साथ कथित ठगी का मामला सामने आया है. बोकारो जिले के निवासी जावेद अंसारी ने अस्पताल प्रबंधन पर आयुष्मान कार्ड से इलाज की सुविधा उपलब्ध होने की बात कहकर अपनी मां को भर्ती करने और बाद में इलाज से इनकार करने का आरोप लगाया है.
इसे भी पढ़ें:
जावेद अंसारी के अनुसार, वह अपनी मां शरीफून खातून का इलाज कराने के लिए आलम हॉस्पिटल पहुंचे थे. अस्पताल में भर्ती कराने से पहले उन्होंने प्रबंधन से आयुष्मान कार्ड के माध्यम से इलाज की सुविधा के बारे में जानकारी ली थी. परिजनों का कहना है कि आयुष्मान कार्ड से इलाज होने की बात पर भरोसा करने के बाद ही उन्होंने अपनी मां को अस्पताल में भर्ती कराया.
आरोप है कि मरीज को भर्ती करने के बाद ऑपरेशन के लिए परिजनों से 1 लाख 20 हजार रुपये की मांग की गई. जब जावेद अंसारी ने आयुष्मान कार्ड के माध्यम से इलाज करने की बात कही, तो अस्पताल प्रबंधन ने इस सुविधा के तहत इलाज करने से इनकार कर दिया.
जावेद अंसारी का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती कराने से पहले आयुष्मान कार्ड से इलाज का भरोसा दिया गया था, लेकिन भर्ती होने के बाद अस्पताल प्रबंधन अपने वादे से मुकर गया. परिजनों के मुताबिक, आर्थिक स्थिति कमजोर होने और आवश्यक राशि की व्यवस्था नहीं हो पाने के कारण मरीज का ऑपरेशन नहीं हो सका. इसके बाद अस्पताल से मरीज को डिस्चार्ज कर दिया गया.
इस घटना के बाद मरीज के परिजनों के सामने इलाज को लेकर गंभीर परेशानी खड़ी हो गई है. अब सवाल यह उठता है कि क्या अस्पताल में भर्ती करने से पहले आयुष्मान कार्ड से इलाज की सुविधा को लेकर सही जानकारी दी गई थी? फिलहाल, मामले में अस्पताल प्रबंधन का पक्ष सामने आना बाकी है. आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि भी नहीं हुई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

