Shambhu Kumar
Chakradharpur: पश्चिमी सिंहभूम जिला के चक्रधरपुर स्थित पार्क रेने प्राइवेट अस्पताल में इलाज के दौरान सोनुवा प्रखंड निवासी सोना राम हेम्ब्रम की मौत के बाद गुरुवार को मृतक के परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर जमकर विरोध-प्रदर्शन किया. परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए खर्च हुए लाखों रुपये की राशि वापसी की मांग की. साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की.
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने ओपन ब्रेन सर्जरी को सफल बताया था. इसके बावजूद इलाज के दौरान मरीज की मौत हो गई. उन्होंने सवाल उठाया कि यदि ऑपरेशन सफल था तो मरीज की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी परिवार को दी जानी चाहिए.
इसे भी पढ़ें:
परिजनों ने आरोप लगाया कि ऑपरेशन के बाद उन्हें मरीज से मिलने नहीं दिया गया और मरीज की स्थिति के संबंध में पर्याप्त जानकारी भी नहीं दी गई. उनका यह भी कहना है कि उनकी मौजूदगी में मरीज को सीपीआर नहीं दिया गया.
मौत के बाद शव खराब होने की बात कहे जाने पर भी परिजनों ने नाराजगी जताई और अस्पताल प्रबंधन से इस संबंध में स्पष्ट जानकारी देने की मांग की. मामले को लेकर परिजनों ने प्रशासन से निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की गुहार लगाई है.
परिजनों के अनुसार, सोना राम हेम्ब्रम एक मजदूर थे और परिवार ने उनकी जान बचाने के लिए इलाज पर लाखों रुपये खर्च किए. इधर अस्पताल प्रबंधन द्वारा अपना पक्ष नहीं बताया गया है. अस्पताल प्रबंधन के सदस्यों ने कहा कि इसे लेकर जल्द ही जानकारी दी जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

