Search

 
 
 

रांची सदर अस्पताल में प्यास से जूझते मरीज, गर्मी में पेयजल के लिए भटकने को मजबूर

शहर में एक ओर बढ़ते गर्मी के कारण पारा लगातार चढ़ रहा है, दूसरी ओर रांची के सदर अस्पताल में मरीज और उनके परिजन पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे हैं. हालात ऐसे हैं कि इलाज के लिए आए मरीज और उनके परिजनों को अब पानी के लिए भी जंग लड़नी पड़ रही है. पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकते हैं.
 

Ranchi: शहर में एक ओर बढ़ते गर्मी के कारण पारा लगातार चढ़ रहा है, दूसरी ओर रांची के सदर अस्पताल में मरीज और उनके परिजन पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे हैं. हालात ऐसे हैं कि इलाज के लिए आए मरीज और उनके परिजनों को अब पानी के लिए भी जंग लड़नी पड़ रही है. पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकते हैं.

 

अस्पताल परिसर में लगे ज्यादातर वाटर कूलर या तो पूरी तरह बंद पड़े हैं या फिर नाम मात्र का पानी दे रहे हैं. वेटिंग एरिया में लगा कूलर पूरी तरह ठप है, जबकि बाकी जगहों पर पानी की धीमी धार लोगों की प्यास बुझाने के लिए नाकाम साबित हो रही है. तपती गर्मी में यह स्थिति मरीजों की परेशानी को ज्यादा बढ़ा रहा है.

 

सबसे ज्यादा दिक्कत उन परिजनों को हो रही है जो घंटा अस्पताल में अपने मरीज के साथ मौजूद रहते हैं. उन्हें बार-बार अस्पताल से बाहर निकलकर 20 रुपये की बोतल खरीदनी पड़ रही है. दिन में कई बार यह सिलसिला दोहराना पड़ता है, जिससे जेब पर भी असर पड़ रहा है और समय भी बर्बाद हो रहा है.

 

कई परिजनों का कहना है कि अस्पताल में इलाज तो मिल रहा है, लेकिन पानी जैसी बुनियादी सुविधा के लिए उन्हें बाहर भटकना पड़ रहा है. कुछ लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकारी अस्पताल में ऐसी व्यवस्था होना बेहद चिंताजनक है.

 

अस्पताल उपाधीक्षक बिमलेश सिंह का कहना है कि खराब पड़े कूलरों की मरम्मत का काम शुरू किया गया था, लेकिन ईद की छुट्टी के कारण काम बीच में ही रूक गया. अधिकारियों का दावा है कि एक-दो दिन में काम फिर से शुरू कर दिया जाएगा और जल्द ही पानी की समस्या को दूर कर लिया जाएगा.

 

फिलहाल हालात यह हैं कि इलाज के लिए आए मरीज और उनके परिजन बीमारी से कम और प्यास से ज्यादा परेशान नजर आ रहे हैं. लोगों ने जल्द से जल्द व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि अस्पताल में आने वाले लोगों को राहत मिल सके.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही