Search

 
 
 

पटना हाईकोर्ट को मिली नई मुख्य न्यायाधीश, मीनाक्षी एम. राय ने ग्रहण किया पदभार

पटना उच्च न्यायालय को नया नेतृत्व मिल गया है. न्यायमूर्ति मीनाक्षी एम. राय ने शुक्रवार को पटना हाईकोर्ट की नई मुख्य न्यायाधीश के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली.
 

Patna: पटना उच्च न्यायालय को नया नेतृत्व मिल गया है. न्यायमूर्ति मीनाक्षी एम. राय ने शुक्रवार को पटना हाईकोर्ट की नई मुख्य न्यायाधीश के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली. राजधानी पटना के लोकभवन स्थित सभागार में आयोजित गरिमामय समारोह में बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने उन्हें शपथ दिलाई.

इस महत्वपूर्ण अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री श्रवण कुमार, पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद समेत न्यायपालिका और प्रशासन से जुड़े कई वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे. न्यायमूर्ति राय ने इस पद पर न्यायमूर्ति संगम कुमार साहू का स्थान लिया है, जो 4 जून को सेवानिवृत्त हुए थे.

सिक्किम से संबंध रखने वाली न्यायमूर्ति मीनाक्षी एम. राय का न्यायिक क्षेत्र में तीन दशक से अधिक का अनुभव रहा है. उनकी पहचान एक कुशल, निष्पक्ष और अनुभवी न्यायाधीश के रूप में रही है. माना जा रहा है कि उनके व्यापक अनुभव का लाभ बिहार की न्यायिक व्यवस्था को मिलेगा.

12 जुलाई 1964 को जन्मी मीनाक्षी राय ने दिल्ली विश्वविद्यालय के लेडी श्रीराम कॉलेज से राजनीति विज्ञान में स्नातक की पढ़ाई की. इसके बाद उन्होंने कैंपस लॉ सेंटर से एलएलबी की डिग्री प्राप्त की. वर्ष 1990 में दिल्ली बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में नामांकन के बाद उन्होंने दिल्ली हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में वकालत की.


इसी वर्ष उनका चयन सिक्किम न्यायिक सेवा में न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी सह सिविल जज के पद पर हुआ. इस उपलब्धि के साथ वह सिक्किम में इस पद पर नियुक्त होने वाली पहली महिला बनीं.


अपने लंबे करियर में उन्होंने जिला एवं सत्र न्यायाधीश, रजिस्ट्रार जनरल, फैमिली कोर्ट जज, एनडीपीएस कोर्ट की न्यायाधीश और भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत विशेष न्यायाधीश जैसे महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दीं. वर्ष 2015 में उन्हें सिक्किम हाईकोर्ट का स्थायी न्यायाधीश नियुक्त किया गया था. अब पटना हाईकोर्ट की मुख्य न्यायाधीश के रूप में उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी गई है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही