Search

 
 
 

झारखंड में सुरक्षित नहीं जनता, जंगलराज की ओर बढ़ रहा राज्य: आदित्य साहू

Ranchi: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर झारखंड की कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि झारखंड में सरकार नाम की कोई चीज नहीं बची है और पूरे राज्य में अपराधियों की समानांतर सरकार चल रही है.
 

Ranchi: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर झारखंड की कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि झारखंड में सरकार नाम की कोई चीज नहीं बची है और पूरे राज्य में अपराधियों की समानांतर सरकार चल रही है. जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है और प्रशासन पूरी तरह विफल साबित हुआ है.

 

आदित्य साहू ने कहा कि राजधानी में अपराधियों का दुस्साहस इस कदर बढ़ गया है कि वे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को धमकियां दे रहे हैं. एसएसपी को बम से उड़ाने की धमकी जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं. कचहरी चौक जैसे अत्यंत संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में खुलेआम आपराधिक वारदातें हो रही हैं, लेकिन सरकार मूकदर्शक बनी हुई है.

 

उन्होंने कहा कि धनबाद में एक प्रतिष्ठित चिकित्सक को उनके घर के सामने गोलीबारी कर डराया गया और रंगदारी नहीं देने पर शहर छोड़ने या जान से मारने की धमकी दी गई. इसी तरह रामगढ़ में दिनदहाड़े गोली चलने की घटनाएं यह साबित करती हैं कि अपराधियों को कानून का कोई भय नहीं है.

 

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड की स्थिति अब वर्ष 2000 से पहले के बिहार जैसी होती जा रही है. राज्य तेजी से जंगलराज की ओर बढ़ रहा है. बच्चा चोरी जैसी अफवाहों के कारण गांव से लेकर शहर तक भय का वातावरण है. आम नागरिक असुरक्षा के साए में जीने को मजबूर हैं.

 

आदित्य साहू ने अपराध के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि वर्ष 2021 से 2025 के बीच राज्य में हत्या के 1800 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं. मई 2019 में जहां अपराध के 5787 मामले दर्ज थे, वहीं मई 2023 तक यह संख्या बढ़कर 6419 हो गई. यह सीधे तौर पर 10 से 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी को दर्शाता है. महिलाओं के खिलाफ अपराधों में भी चिंताजनक वृद्धि हुई है. जनवरी से अक्टूबर 2025 के बीच 429 मामले दर्ज हुए हैं, यानी प्रतिदिन औसतन चार से पांच घटनाएं सामने आ रही हैं. अकेले रांची में अपराध दर में 47 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है.

 

उन्होंने कहा कि राज्य में भय और अराजकता के माहौल को देखते हुए निष्पक्ष चुनाव कराना बड़ी चुनौती बन गया है. भाजपा ने चुनाव आयोग से मांग की है कि मतदान से पहले पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्री को पत्र लिखकर झारखंड में केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की मांग की गई है.

 

आदित्य साहू ने स्पष्ट कहा कि यदि प्रशासन जनता की सुरक्षा करने में विफल रहता है, तो भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर जनता की रक्षा करेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और प्रशासन गहरी नींद में हैं, जबकि अपराधी खुलेआम हथियार लहराकर लोगों को डराने का काम कर रहे हैं.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही