Dhanbad News: सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की जान बचाने के लिए धनबाद पुलिस ने नई पहल की है. अब राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्थित पेट्रोल पंपों को आपातकालीन सहायता केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी है. यहां कार्यरत कर्मचारियों को प्राथमिक चिकित्सा और सीपीआर (CPR) का प्रशिक्षण देकर जीवन दूत बनाया जाएगा ताकि दुर्घटना के बाद अस्पताल पहुंचने से पहले ही घायलों को मदद मिल सके.
इसे भी पढ़ें:
उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देश पर गुरुवार को डीएसपी ट्रैफिक रोहित कुमार साव की अध्यक्षता में बैठक हुई. इसमें ट्रैफिक पुलिस, जिला परिवहन कार्यालय, सड़क सुरक्षा समिति, सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. राजीव सिंह, पेट्रोलियम कंपनियों के प्रतिनिधि और पेट्रोल पंप संचालक शामिल हुए.
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों के पेट्रोल पंपों पर प्राथमिक चिकित्सा किट और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया. साथ ही कर्मचारियों को आपात स्थिति में घायल व्यक्ति को शुरुआती सहायता देने के लिए प्रशिक्षित करने की योजना पर चर्चा हुई.
डीएसपी ट्रैफिक ने कहा कि दुर्घटना के बाद का गोल्डन ऑवर बेहद महत्वपूर्ण होता है. इस दौरान समय पर प्राथमिक उपचार मिलने से घायल की जान बचने की संभावना बढ़ जाती है. पुलिस की इस पहल का उद्देश्य दुर्घटनास्थल के आसपास ही तत्काल मदद उपलब्ध कराना और अनमोल जिंदगियों को बचाना है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

