Bokaro News: सीसीएल ढोरी जीएम कार्यालय के मुख्य द्वार के समीप भू-धंसान से करीब पांच फीट नीचे धंस चुकी सड़क को लेकर प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है. गुरुवार को बेरमो एसडीएम मनोज कुमार ने मौके पर पहुंचकर धंसी सड़क और आसपास के क्षेत्र का जायजा लिया. उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से भू-धंसान की स्थिति और अब तक की कार्रवाई की विस्तृत जानकारी ली.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने फुसरो-करगली मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया है. सड़क के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो.
इसे भी पढ़ें:
एसडीएम मनोज कुमार ने बताया कि तकनीकी जांच के लिए रांची से विशेषज्ञ टीम बुलाई गई है. विशेषज्ञ मौके पर पहुंचकर भू-धंसान के कारणों, जमीन की स्थिति और सड़क की सुरक्षा का तकनीकी आकलन करेगी. जांच रिपोर्ट के आधार पर ही सड़क को सुरक्षित करने और मार्ग पर आवागमन बहाल करने को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
गौरतलब है कि रविवार से शुरू हुआ भू-धंसान धीरे-धीरे गंभीर होता गया और बुधवार तक सड़क करीब पांच फीट तक नीचे धंस गई. भू-धंसान की चपेट में आने से सड़क किनारे की कई अस्थायी दुकानें भी क्षतिग्रस्त हो गईं. हालांकि खतरे को भांपते हुए प्रशासन ने पहले ही दुकानदारों को वहां से हटा दिया था, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर मार्ग को बंद रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. अब लोगों की नजर रांची से आने वाली विशेषज्ञ टीम की तकनीकी जांच पर टिकी है. जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि भू-धंसान की वजह क्या है और इस मार्ग को सुरक्षित बनाने के लिए किस तरह के तकनीकी उपाय किए जाएंगे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

