Ramgarh News: डीएवी पब्लिक स्कूल, रजरप्पा प्रोजेक्ट के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर की खेलकूद प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का मान बढ़ाया है. दिल्ली में 23 से 27 अक्टूबर तक आयोजित प्रतियोगिताओं में विद्यालय के 127 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. नेटबॉल, खो-खो, कुश्ती, भारोत्तोलन, वुशू और कराटे में दमदार प्रदर्शन करते हुए खिलाड़ियों ने कुल 61 पदक अपने नाम किए. इनमें 30 स्वर्ण, 11 रजत और 20 कांस्य पदक शामिल हैं.
इसे भी पढ़ें:
प्रतियोगिता में नेटबॉल और खो-खो की टीमों का प्रदर्शन विशेष रूप से सराहनीय रहा. नेटबॉल अंडर-19 बालक वर्ग की टीम ने चैंपियन बनकर 12 स्वर्ण पदक हासिल किए. वहीं, खो-खो अंडर-17 बालक वर्ग की टीम ने सात और अंडर-19 बालिका वर्ग की टीम ने पांच स्वर्ण पदक जीते.
व्यक्तिगत स्पर्धाओं में कराटे में श्लोक शिवम, कुश्ती में सूर्यकांत, रुद्र प्रताप और आदित्य, वुशू में शशि शेखर तथा भारोत्तोलन में अदनान परवेज ने स्वर्ण पदक हासिल किया.
वहीं, खो-खो अंडर-14 बालिका वर्ग की टीम उपविजेता रही और सात रजत पदक प्राप्त किए. कुश्ती में तनु गोप और प्रशांत कुमार, वुशू में दीपक कुमार तथा भारोत्तोलन में अयान खान ने रजत पदक जीते.
नेटबॉल अंडर-14 बालक वर्ग की टीम ने तीसरा स्थान हासिल कर 12 कांस्य पदक अपने नाम किए. इसके अलावा कुश्ती में त्रिशा रानी, बिशेक, ऋतुराज और अनस, वुशू में नितेश तथा भारोत्तोलन में यशवर्धन कुमार, इच्छा कुमारी और आयुष कुमार ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की.
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर सीसीएल रजरप्पा क्षेत्र के महाप्रबंधक जीके राठौर, झारखंड प्रक्षेत्र के सहायक क्षेत्रीय अधिकारी तापस घोष और विद्यालय के प्राचार्य डॉ आरके साहू ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों को बधाई दी. साथ ही उन्होंने खेल शिक्षकों मनीष कुमार सिंह और शुभलता कुमारी के प्रयासों की सराहना की. साथ ही अर्नब कुमार मन्ना, रजनीश, जगन्नाथ प्रसाद, निशा सिन्हा, आयशा मस्कूर और दिव्या सिन्हा के योगदान को भी सराहा. विद्यालय प्रबंधन ने इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों की मेहनत, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग को दिया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

