Hazaribagh News: गिरिडीह और बोकारो की प्रतिष्ठित ज्वेलरी दुकानों में लूट एवं डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में निकले अंतरराज्यीय अपराधियों के मंसूबों पर चौपारण पुलिस ने पानी फेर दिया. पुलिस ने सिंघरावां ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर सफेद एर्टिगा कार में सवार चार अपराधियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है. इनके पास से दो देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा, नौ जिंदा कारतूस, चाकू, पेचकस और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. घटना में प्रयुक्त एर्टिगा कार को भी जब्त कर लिया गया है.
पुलिस के अनुसार,28 नवंबर को हजारीबाग पुलिस अधीक्षक को गिरिडीह पुलिस से सूचना मिली थी कि गिरिडीह और बोकारो के प्रतिष्ठित ज्वेलरी प्रतिष्ठानों में लूट एवं डकैती की योजना बनाने पहुंचे कुछ अपराधियों को हथियारों के साथ पकड़ा गया है. वहीं, गिरोह के कुछ अन्य सदस्य हथियार और गोली लेकर सफेद कार से चौपारण के रास्ते बिहार भागने की कोशिश कर रहे हैं. गिरिडीह पुलिस उनका पीछा भी कर रही थी. सूचना मिलते ही हजारीबाग पुलिस सक्रिय हो गई. चौपारण थाना प्रभारी के नेतृत्व में बनी टीम ने इन बदमाशों को पकड़ लिया.
इसे भी पढ़ें:
गिरफ्तार आरोपितों में अभिनव राज (21), पिता मंटू कुमार सिंह, ग्राम गोढ़िया चमन, थाना भगवानपुर, जिला वैशाली; मनीष कुमार (19), पिता हरिश्चन्द्र राय, भगवानपुर, जिला वैशाली; राहुल कुमार (26), पिता शुभनाथ राम, ग्राम मलाही, पोस्ट भगवानपुर, जिला वैशाली (बिहार) तथा महफुज (28), पिता रिजवान अहमद, महाराजगंज, थाना कांडवार, जिला सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश शामिल हैं.
पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने अपने अन्य सहयोगियों के साथ गिरिडीह और बोकारो की ज्वेलरी दुकानों में लूट एवं डकैती की वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से वहां जाने की बात स्वीकार की है. पकड़े जाने के डर से वे वापस बिहार की ओर भाग रहे थे. पुलिस ने इनके पास से हथियारों के अलावा चाकू, पेचकस और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं. पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और उनकी गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

