Search

पीएम मोदी अजमेर पहुंचे, हजारों करोड़ की सौगात दी, कांग्रेस को माओवादी, मुस्लिम लीग करार दिया

  • AI सम्मेलन में कंग्रेस ने भारत को नीचा दिखाने की कोशिश की
  • मां बहनों को धुएं से निजात दिलाने के लिए उज्जवला योजना चलाई
  • सर्जिकल स्ट्राइक से लेकरऑपरेशन सिंदूर में वीरता का लोहा मनवाया.

Ajmer : प्रधानमंत्री मोदी आज शनिवार को राजस्थान के अजमेर पहुंचे. यहां उन्होंने कई परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया. इसके साथ ही  21800 युवाओं को सरकारी विभागों में नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे. 

 

 
पीएम मोदी ने सभा में अपनी इजरायल यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि वहां के लोग राजस्थान के सपूत मेजर दलपत सिंह की वीरता को याद करते हैं.  दरअसल दलपत सिंह ने इजरायल के हाइफा शहर को आजाद कराने में अहम भूमिका निभाई थी.


पीएम मोदी ने केंद्र और भजन लाल शर्मा की सरकार का गुणगान करते हुए कांग्रेस पर हल्ला बोला, आरोप लगाया कि कभी कांग्रेस इंडियन नेशनल कांग्रेस(INC )थी, लेकिन आज की कांग्रेस INC के बजाय MMC बन गयी है.


 उन्होंने कांग्रेस को मुस्लिम लीग, माओवादी कांग्रेस करार दिया. पीएम मोदी ने कहा,  इतिहास गवाह है मुस्लिम लीग भारत से नफरत करती थी, इसलिए देश को बांट दिया. आज कांग्रेस वही कर रही है.


माओवादियों से कांग्रेस भी तुलना करते हुए कहा कि जिस तरह माओवादी घात लगाकर हमला करते हैं, उसी तरह कांग्रेस भी घात लगाकर  देश को बदनाम करने में लगी रहती है. कहा कि  कांग्रेस के कुकर्मों को देश कभी माफ नहीं करेगा. देश और सेना को बदनाम करना कांग्रेस की पुरानी आदत रही है.


पीएम मोदी ने कांग्रेस पर सैनिकों को हथियारों और वर्दी के लिए तरसाने का आरोप लगाया. सैनिक परिवारों को वन रैंक, वन पेंशन से वंचित रखने का आरोप सहित पूर्व में विदेशों से होने वाले हथियारों की डील में घोटाला करने का आरोप भी लगाया.


अपने 11 साल के कार्यकाल का बखान करते हुए कहा कि  भारतीय सेना ने  इस दरमियान आतंकियों पर, देश के दुश्मनों पर करारा प्रहार किया है. हमारी सेना ने  सर्जिकल स्ट्राइक से लेकर ऑपरेशन सिंदूर में वीरता का लोहा मनवाया. लेकिन कांग्रेस ने दुश्मनों के झूठ  को ही सच मानती रही है.  


पीएम ने कांग्रेस पर हमलावर होते हुए कहा,  हाल ही में दिल्ली में दुनिया का सबसे बड़ा AI (आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस) सम्मेलन हुआ. यहां अनेक देशों के प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, मंत्री शामिल हुए थे.  सबने खुले मंच से भारत की प्रशंसा की.  


लेकिन हताश कांग्रेस ने भारत को नीचा दिखाने की कोशिश की. विदेशी मेहमानों के सामने देश को बेइज्जत करने का ड्रामा किया. कहा कि कांग्रेस पूरे देश में हार रही है. इसलिए गुस्से में इसका बदला भारत को बदनाम कर ले रही है.


इस क्रम में पीएम मोदी ने कहा कि राजस्थान में डबल इंजन की सरकार के दो साल पूरे हुए हैं. राज्य विकास के पथ पर अग्रसर है.  हजारों करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है.  


पानी, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य समेत हरेक क्षेत्र पर ध्यान दिया गया है.पीएम ने कहा  बेटियों के लिए  अजमेर से एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है.


माताओं को पोषण आहार मिल सके इसलिए बहनों के खाते में पांच हजार की राशि दी जा रही है.  मां बहनों को धुएं से निजात दिलाने के लिए उज्जवला योजना चलाई गयी है.पीएम मोदी ने कहा कि राजस्थान में निवेश भी बढ़ रहे हैं.  


पीएम ने कायड़ विश्राम स्थली पर जनसभा को संबोधित करने से पूर्व  तीर्थराज पुष्कर, वरुण अवतार भगवान जुलेलाल, मां सावित्री, वीर तेजाजी महाराज, भगवान देव नारायण, और पृथ्वीराज चौहान को याद किया. साथ ही उन्होंने राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा, पूर्व सीएम वसुंधरा राजे सिंधिया सहित अन्य नेताओं का अभिवादन किया. 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें 

 

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp