Search

 
 
 

पीएम मोदी का पश्चिम बंगाल की जनता के नाम पत्र, घुसपैठ, वोट बैंक का जिक्र किया, एबार BJP सरकार का नारा दिया

प्रधानमंत्री ने लिखा कि स्वामी विवेकानंद और ऋषि अरविंद ने जिस बंगाल के निर्माण का सपना देखा था, वह बंगाल आज वोट-बैंक की राजनीति, हिंसा और अराजकता में जकडा हुआ  है.
 

New Delhi :  सोनार बंगाल का सपना देखने वाला हर व्यक्ति दुखी है. पश्चिम बंगाल में माताएं-बहनें आज सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं.  पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल की जनता के नाम अपने पत्र में यह बात लिखी है.

 

 

अप्रैल-मई में होने वाले विस चुनाव से पूर्व पीएम मोदी ने ममता सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया है. उन्होंने एबार भाजपा सरकार का नारा देते हुए बंगाल सीएम ममता बनर्जी को कटघरे में खड़ा किया है. 


पीएम मोदी ने अपने पत्र में जय मां काली का उद्घोष करते हुए लिखा, कुछ ही महीने में पश्चिम बंगाल का भाग्य सुनिश्चित हो जायेगा. आने वाली पीढ़ी का भविष्य किस दिशा में आगे बढ़ेगा, यह आपके(जनता) सोचे-समझे फैसले पर निर्भर करता है.


पीएम मोदी ने लिखा कि सोनार बंगाल के सपने देखने वाला हर एक जवान, बूढ़ा और महिला आज बहुत पीड़ा में हैं. उनकी पीड़ा से आज मेरा हृदय भी व्यथित है. इसलिए मैंने मन की गहराइयों से एक संकल्प लिया है.


 पश्चिम बंगाल को विकसित और समृद्ध बनाने का संकल्प लिया है. प्रधानमंत्री ने अपने 11 वर्षों के कार्यकाल को गिनाते हुए लिखा कि  देशवासियों के आशीर्वाद को ताकत बनाकर हमने  जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है.


ममता सरकार पर हमलावर होते हुए आरोप लगाया कि राज्य सरकार के असहयोग और विरोध के बावजूद पश्चिम बंगाल के लगभग 5 करोड़ लोग केंद्र सरकार की जन-धन योजना के माध्यम से बैंकिंग व्यवस्था से जुड़े हैं.
 
 
पीएम मोदी ने अपने पत्र में स्वच्छ भारत अभियान के तहत राज्य में 85 लाख शौचालयों का निर्माण, छोटे व्यापारियों और उद्यमियों को 2.82 लाख करोड़ रुपये का लोन मिलने, अटल पेंशन योजना के तहत 56 लाख वरिष्ठ नागरिकों को  मदद किये जाने की बात कही. 


 प्रधानमंत्री ने उज्ज्वला योजना  के माध्यम से 1 करोड़ से अधिक परिवारों को रसोई गैस दिये जाने की बात याद दिलाई. कहा कि माताओं-बहनों को धुएं से मुक्ति दिलाकर वे धन्य महसूस कर रहे हैं. उन्होंने किसान सम्मान निधि के माध्यम से राज्य के 52 लाख से अधिक किसानों को आर्थिक सहायता मिलने की भी बात कही.  
 

पीएम मोदी ने लिखा, पिछले छह दशकों के कुशासन और तुष्टिकरण की राजनीति के कारण पश्चिम बंगाल को जो अपूरणीय क्षति हुई है, उसे बयान नहीं किया जा सकता.


प्रधानमंत्री ने लिखा कि स्वामी विवेकानंद और ऋषि अरविंद ने जिस बंगाल के निर्माण का सपना देखा था, वह बंगाल आज वोट बैंक की राजनीति, हिंसा और अराजकता में जकडा हुआ  है.


लिखा कि पश्चिम बंगाल की धरती के सपूत नेताजी सुभाष चंद्र बोस की आजादी के ललकार ने कभी पूरे देश को प्रेरित किया था. लेकिन आज उनकी पवित्र भूमि अवैध घुसपैठ और महिलाओं के खिलाफ हिंसा से कलंकित हो गयी है.


पीएम मोदी ने लिखा, कविगुरु रवींद्रनाथ ठाकुर के सोनार बंगाल पर नकली वोटर हावी हो रहे हैं. अराजकता के अंधेरे में डूबते पश्चिम बंगाल को देखकर आज पूरा देश चिंतित है. उन्होंने लिखा, हम कब तक चुपचाप यह सब सहते रहेंगे? अब परिवर्तन अनिवार्य है.
 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही