Ranchi News: सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा पर नाबालिग से दुष्कर्म और यौन शोषण के आरोपों को लेकर झारखंड की सियासत गरमा गयी है. इस मामले को मीडिया में उठाये जाने के बाद एक न्यूज चैनल के कार्यालय में पुलिस की कार्रवाई पर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने राज्य सरकार को घेरा है. उन्होंने पुलिस की कार्रवाई को अलोकतांत्रिक बताते हुए इसे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला करार दिया.
इसे भी पढ़ें:
दीपक प्रकाश ने हरमू स्थित एक न्यूज चैनल के कार्यालय में रात के समय पुलिस की तलाशी पर सवाल उठाये. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी सादे लिबास में बिना सर्च वारंट के कार्यालय में घुसे और तलाशी के नाम पर पत्रकारों को डराने का प्रयास किया. उनके अनुसार, पुलिस कुछ कीमती सामान भी ले गयी, लेकिन उसकी विधिवत सूची या पंचनामा तैयार नहीं किया गया. घटना की सूचना मिलने पर उन्होंने अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन नहीं उठाया गया. इसके बाद वह मौके पर पहुंचे और धरने पर बैठ गये.
उन्होंने कहा कि 1975 की आपातकाल जैसी स्थिति झारखंड में पैदा की जा रही है. विधायक के चुनावी हलफनामे में दर्ज पुराने मामलों का हवाला देते हुए उन्होंने सरकार से जवाब मांगा. साथ ही राहुल गांधी और कांग्रेस की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या राहुल गांधी की 'मोहब्बत की दुकान' में यौन शोषण को भी जगह मिली है?
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

