- राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार करेंगे उद्घाटन,
- 26 अक्टूबर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में होगा समापन
Ranchi News: झारखंड पुलिस का 15वां अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता-2026 का आयोजन होना है. ये आयोजन 22 से 26 अक्टूबर तक रांची के खेलगांव स्थित मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होगा. इसमें देश के विभिन्न राज्यों के पुलिस संगठनों और केंद्रीय पुलिस संगठनों की 29 टीमें हिस्सा लेंगी. प्रतियोगिता में कुल 432 खिलाड़ी 37 स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे.
प्रतियोगिता का उद्घाटन 22 अक्टूबर को सुबह 10 बजे बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम, खेलगांव में होगा. झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि होंगे. वहीं 26 अक्टूबर को दोपहर 2:30 बजे आयोजित समापन समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल होंगे.
इसे भी पढ़ें -
तीसरी बार मेजबानी कर रहा झारखंड
झारखंड तीसरी बार इस प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है. इससे पहले वर्ष 2013 और 2016 में भी राज्य में इसका आयोजन हुआ था. प्रतियोगिता में रिकर्व, कंपाउंड और इंडियन राउंड की पुरुष एवं महिला स्पर्धाओं के साथ व्यक्तिगत और टीम मुकाबले होंगे.
पहले दिन रिकर्व पुरुष वर्ग की 70 मीटर और कंपाउंड महिला वर्ग की 50 मीटर स्पर्धाएं होंगी. 23 और 24 अक्टूबर को विभिन्न वर्गों के मुकाबले और एलिमिनेशन राउंड आयोजित किए जाएंगे. 25 अक्टूबर को व्यक्तिगत एवं मिश्रित टीम स्पर्धाओं के पदक मुकाबले होंगे, जबकि 26 अक्टूबर को पुरुष एवं महिला टीम वर्गों के फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे.
आयोजन के सुचारु संचालन के लिए 16 समितियों एवं उप-समितियों का गठन किया गया है. व्यवस्थापक समिति की अध्यक्ष झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा हैं, जबकि अपर पुलिस महानिदेशक प्रिया दुबे संगठन सचिव की जिम्मेदारी संभाल रही हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

