Ranchi : झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कहा है कि पुलिसकर्मियों के कल्याणकारी व लंबित मांगों को लेकर अफसर गुमराह कर रहे हैं. पुलिसकर्मियों को यह कहकर गुमराह किया जा रहा है कि ऊपर के स्तर से स्वीकृति नहीं मिली है.
एसोसिएशन की तरफ से प्रदेश संयुक्त सचिव-सह-कोषाध्यक्ष राकेश पांडेय ने एक बयान जारी कर कहा है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने व्यक्तिगत व पारिवारिक जीवन में आदर्श मूल्यों का पालन कर रहे हैं. पुलिस के जवान भी उनके परिवार के सदस्य हैं, इसलिए एक अभिभावक के रूप में पुलिसकर्मियों के कल्याण को लेकर फैसला ले.
पुलिस एसोसिएशन से जुड़ी खबरें
राज्य के कर्मचारी न केवल सरकार की नीतियों को धरातल पर उतारने वाले स्तंभ हैं, बल्कि राज्य का एक सशक्त अंग भी हैं. इसलिए एसोसिएशन यह आग्रह करता है कि पुलिसकर्मियों के नैतिक एवं मानवीय दृष्टिकोण को बनाए रखें. राज्य के पुलिसकर्मियों व कर्मचारियों के अभिभावक के रूप में हमारी समस्याओं एवं लंबित जायज मांगों का सहानभूतिपूर्वक समाधान करें.
पुलिस विभाग में पुलिसकर्मियों की दैनिक एवं न्यायसंगत फाइलों को विभागाध्यक्ष (DGP) की स्पष्ट स्वीकृति मिलने के बावजूद, निचले स्तर के कुछ पदाधिकारियों द्वारा दरकिनार कर फाइलों को रोक कर रखा जा रहा है. जब कर्मचारी अपनी सुविधाओं और अधिकारों के संबंध में पूछताछ करते हैं, तो उन्हें यह कहकर गुमराह किया जाता है कि आपके यहां से स्वीकृति प्राप्त नहीं है.

