- बदलते अपराध, बढ़ती चुनौतियों के बीच क्या राज्य को पुलिस कमिश्नरेट की जरूरत है?
- क्या झारखंड भी बदलेगा पुलिसिंग मॉडल?
Ranchi : झारखंड में पिछले कुछ महीनों में सड़क जाम, विरोध-प्रदर्शन और कानून-व्यवस्था से जुड़ी घटनाओं में पुलिस और आम लोगों के बीच टकराव के कई मामले सामने आए हैं. पलामू, जमशेदपुर, चतरा, धनबाद और हजारीबाग जैसे जिलों में प्रदर्शन के दौरान पथराव, सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ और पुलिसकर्मियों के घायल होने की घटनाओं ने राज्य की मौजूदा पुलिसिंग व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ दी है.
ऐसे में यह सवाल फिर उठने लगा है कि क्या झारखंड को भी अब पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाना चाहिए? देश में तेजी से बढ़ते शहरीकरण, साइबर अपराध, संगठित अपराध, ट्रैफिक प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण जैसी चुनौतियों को देखते हुए कई राज्यों ने अपने प्रमुख शहरों में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू की है.
इस व्यवस्था के तहत राज्य सरकार पुलिस आयुक्त (कमिश्नर) को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के प्रावधानों के अनुसार कार्यपालक मजिस्ट्रेट की कुछ शक्तियां प्रदान कर सकती है. इससे कानून-व्यवस्था से जुड़े कई मामलों में निर्णय लेने की प्रक्रिया अधिक त्वरित और समन्वित हो सकती है.
पुलिस मुख्यालय के कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का मानना है कि झारखंड जैसे तेजी से विकसित हो रहे राज्य में कम-से-कम रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो और पलामू (मेदिनीनगर) जैसे प्रमुख शहरी क्षेत्रों में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू करने पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए.
अधिकारियों का कहना है कि इससे अपराध नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन, साइबर अपराध की जांच, भीड़ नियंत्रण और बड़े आयोजनों की सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है.
कहां लागू है पुलिस कमिश्नरेट और कहां नहीं
देश के कई राज्यों ने अपने प्रमुख शहरों में पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था अपनाई है. इनमें आंध्र प्रदेश, असम, गुजरात, हरियाणा, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, नागालैंड, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल शामिल हैं.
इसके अलावा दिल्ली और चंडीगढ़ में भी यही व्यवस्था लागू है. महाराष्ट्र में सबसे अधिक शहर पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली के तहत आते हैं. वहीं झारखंड, बिहार, हिमाचल प्रदेश, गोवा, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, सिक्किम और त्रिपुरा में अभी भी पारंपरिक डीसी-एसपी मॉडल के तहत कानून-व्यवस्था संचालित होती है.
झारखंड में क्यों उठ रही है मांग
वर्तमान व्यवस्था में किसी बड़े प्रदर्शन, सड़क जाम, संवेदनशील अभियान या कानून-व्यवस्था की गंभीर स्थिति से निपटने के लिए कई मामलों में कार्यपालक मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाती है और पुलिस व जिला प्रशासन संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हैं.
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने पर कई निर्णय एकीकृत तरीके से लिए जा सकेंगे. इससे विशेषकर आपात स्थितियों में प्रतिक्रिया की गति तेज हो सकती है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में समय की बचत हो सकती है.
पुलिस कमिश्नरेट लागू होने के संभावित फायदे
यदि राज्य सरकार पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू करती है और पुलिस आयुक्त को BNSS के तहत निर्धारित कार्यपालक शक्तियां प्रदान करती है, तो इसके कई संभावित लाभ सामने आ सकते हैं :
- कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में निर्णय लेने की प्रक्रिया तेज हो सकती है.
- सड़क जाम, हिंसक प्रदर्शन, सांप्रदायिक तनाव, दंगा या बड़े आंदोलनों के दौरान त्वरित कार्रवाई संभव हो सकती है.
- ट्रैफिक प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण अधिक प्रभावी हो सकता है.
- साइबर अपराध और संगठित अपराध के मामलों में बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सकता है.
- बड़े धार्मिक, राजनीतिक और वीआईपी आयोजनों की सुरक्षा व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित हो सकती है.
- विभिन्न स्तरों पर प्रशासनिक स्वीकृति की प्रतीक्षा कम होने से प्रतिक्रिया समय घट सकता है.
केवल कमिश्नरेट ही समाधान नहीं
हालांकि सुरक्षा मामलों के जानकार यह भी मानते हैं कि केवल पुलिस कमिश्नरेट लागू कर देने से सभी समस्याओं का समाधान नहीं होगा. बेहतर पुलिसिंग के लिए पर्याप्त पुलिस बल, आधुनिक संसाधन, तकनीकी क्षमता, प्रशिक्षण, मजबूत खुफिया तंत्र और जनता के साथ विश्वासपूर्ण संवाद भी उतने ही जरूरी हैं.
सरकार की ओर से अभी कोई फैसला नहीं
फिलहाल झारखंड सरकार ने पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू करने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है. लेकिन लगातार सामने आ रही कानून-व्यवस्था की चुनौतियां, पुलिस पर बढ़ते हमले, शहरी विस्तार और बदलते अपराध के स्वरूप को देखते हुए यह मुद्दा एक बार फिर गंभीर चर्चा का विषय बन गया है.
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या झारखंड भी अन्य राज्यों की तरह आधुनिक पुलिसिंग मॉडल अपनाने की दिशा में आगे बढ़ेगा या फिर पारंपरिक डीसी-एसपी व्यवस्था के साथ ही अपनी पुलिसिंग प्रणाली को मजबूत करने का प्रयास करेगा.
हाल की घटनाओं ने बढ़ाई बहस
- पलामू (9 जुलाई 2026) : एनएच-39 के लिए भूमि अधिग्रहण और मुआवजे के मुद्दे पर ग्रामीणों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प हुई. पथराव और लाठीचार्ज में दो पुलिसकर्मियों समेत 10 लोग घायल हुए.
- जमशेदपुर (3 जुलाई 2026) : करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में बुलाए गए बंद के दौरान कई जगह सड़क जाम और प्रदर्शन हुए. इस दौरान सिटी एसपी के सरकारी वाहन पर हमला कर उसके शीशे तोड़ दिए गए.
- जमशेदपुर (18 जून 2026) : मानगो क्षेत्र में पुलिस चेकिंग के दौरान टेंपो चालक से कथित मारपीट के आरोप के बाद लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस से नोकझोंक हुई.
- चतरा (5 जुलाई 2026) : सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत के बाद ग्रामीणों ने शव रखकर सड़क जाम किया. मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन ने लोगों को समझाकर जाम हटवाया.
- चतरा (27 जून 2026) : कोयला डंपिंग विवाद के बाद दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई. इसके बाद लोगों ने हजारीबाग-चतरा मुख्य मार्ग जाम कर दिया. स्थिति नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा.
- हजारीबाग (24 मार्च 2026) : बरकट्ठा-गोरहर सीमा पर मंगला जुलूस के दौरान पुलिस और जुलूस में शामिल लोगों के बीच झड़प के बाद पथराव हुआ, जिसमेंं पुलिसकर्मी सहित कई लोग घायल हुए.
- धनबाद (9 जून 2026) : बाघमारा में पानी के विवाद को लेकर दो गांवों के बीच हिंसक झड़प हुई. पथराव और फायरिंग के दौरान पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ और हालात संभालने के लिए भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें



Leave a Comment