Palamu News: मेदिनीनगर दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पलामू पुलिस सतर्क है. पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार रविवार, 18 अक्टूबर 2026 को जिले के सदर, रामगढ़ एवं चैनपुर थाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया. इसका उद्देश्य जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखना और आम लोगों के बीच सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है.
इसे भी पढ़ें:
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने संबंधित थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी सक्रियता दिखाई. सदर थाना क्षेत्र में पुलिस निरीक्षक (शहर) के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल हुए. वहीं, रामगढ़ थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया.
इसी तरह चैनपुर थाना क्षेत्र में सर्किल इंस्पेक्टर पूनम टोप्पो एवं थाना प्रभारी लालजी के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने फ्लैग मार्च किया.
पलामू पुलिस ने आम नागरिकों से दुर्गा पूजा का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है. पुलिस ने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और भ्रामक सूचनाओं को प्रसारित करने से बचने का आग्रह किया है.
पुलिस प्रशासन ने कहा है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विधि-व्यवस्था से संबंधित समस्या की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

