- पलामू, गढ़वा, लातेहार और चतरा को अगले तीन महीने में नक्सलमुक्त करने का निर्देश
- नक्सल विरोधी अभियान तेज करने को कहा
- पड़ोसी राज्य की पुलिस के साथ समन्वय कर सीमावर्ती इलाकों में ऑपरेशन चलाने का निर्देश
Palamu News : झारखंड पुलिस मुख्यालय ने पलामू, गढ़वा, लातेहार और चतरा जिले को अगले तीन महीने में नक्सलमुक्त करने का निर्देश दिया है. मुख्यालय ने पलामू एसपी कपिल चौधरी, लातेहार एसपी कुमार गौरव, चतरा एसपी अनिमेष नैथानी और गढ़वा एसपी आशुतोष शेखर को नक्सल विरोधी अभियान तेज करने को कहा है.
वहीं हजारीबाग रेंज के डीआईजी और पलामू रेंज के डीआईजी को पड़ोसी राज्य की पुलिस के साथ समन्वय कर सीमावर्ती इलाकों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाने को कहा गया है. बताते चलें कि इन चार जिलों में छह इनामी नक्सली सक्रिय हैं.
इसे भी पढ़ें
छह इनामी नक्सली पुलिस के रडार पर
पुलिस की रडार में 15 लाख के इनामी नितेश यादव, 10 लाख के इनामी गोदराय यादव उर्फ संजय यादव, 10 लाख के इनामी मनोहर गंझू, 5 लाख के इनामी छोटेलाल भुईया, 5 लाख के इनामी पंकज कोरबा और एक लाख के इनामी सुदेश्वर गंझू है.
पलामू-चतरा सीमा के साथ बिहार से सटे इलाकों में भी पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है. जंगल और सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की टीमें लगातार सर्च अभियान चला रही हैं. बिहार पुलिस के साथ समन्वय कर बॉर्डर इलाकों में निगरानी बढ़ाने का मकसद नक्सलियों की आवाजाही और सुरक्षित ठिकानों पर नजर रखना है.
आईजी अभियान नरेंद्र सिंह की निगरानी में ऑपरेशन
पूरे अभियान की मॉनिटरिंग आईजी अभियान नरेंद्र सिंह के स्तर से किए जाने की बात सामने आई है. पलामू में एसपी कपिल चौधरी, गढ़वा में एसपी आशुतोष शेखर, लातेहार में एसपी कुमार गौरव और चतरा में एसपी अनिमेष नैथानी के नेतृत्व में नक्सल विरोधी कार्रवाई जारी है.
पलामू रेंज के डीआईजी कौशल किशोर के ने बताया कि मुख्यालय के निर्देश पर ऑपरेशन क्लीन के तहत कार्रवाई की जा रही है. बिहार पुलिस से भी सहयोग लिया जा रहा है और सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है.
पुलिस का फोकस केवल जंगल में मौजूद नक्सलियों की तलाश तक सीमित नहीं है. नक्सली नेटवर्क, संभावित ठिकानों, सहयोगियों और सपोर्ट सिस्टम को भी कार्रवाई के दायरे में रखा गया है. पुलिस की ओर से नक्सलियों से हथियार छोड़कर आत्मसमर्पण करने की अपील की जा रही है. वहीं आत्मसमर्पण नहीं करने वालों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है.
शशिकांत गंझू व रितेश यादव के खिलाफ सर्च ऑपरेशन जारी
इधर, सीआरपीएफ की हाईटेक तकनीक के जरिए TSPC नक्सली शशिकांत गंझू और माओवादी नक्सली नितेश यादव की गतिविधियों और उनके ठिकानों की जानकारी मिली है. इन इनपुट के आधार पर संबंधित इलाकों में पुलिस और सुरक्षाबलों की टीमें सर्च ऑपरेशन चला रही हैं. हालांकि सुरक्षा कारणों से किसी भी अभियान का सटीक लोकेशन और ऑपरेशनल जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


