- जमीन मापी के बदले मांगी थी 4 डिसमिल जमीन व 2 लाख कैश
Ranchi : झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी कपप्शन ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई लगातार जारी है. हजारीबाग के बाद अब सिल्ली में भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है. एसीबी ने गुरुवार को सिल्ली अंचल कार्यालय में तैनात अमीन विनोद लोहरा को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है.
उस पर जमीन मापी कराने के एवज में शिकायतकर्ता से 2 लाख रुपये नकद और 4 डिसमिल जमीन मांगने का आरोप है. गिरफ्तारी के बाद ACB की टीम आरोपी अमीन को अपने साथ ले गई. फिलहाल टीम उससे पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
इसे भी पढ़ें
जमीन मापी के बदले मांगी थी रिश्वत
दरअसल शिकायतकर्ता अपनी जमीन मापी कराने के लिए सिल्ली अंचल कार्यालय पहुंचा था. आरोप है कि इसी दौरान अमीन विनोद लोहरा ने जमीन मापी की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के बदले रिश्वत की मांग की. शिकायतकर्ता के अनुसार, उससे 2 लाख रुपये नकद के साथ 4 डिसमिल जमीन देने को कहा गया.
पहली किस्त लेते ACB ने दबोचा
रिश्वत की मांग से परेशान शिकायतकर्ता ने मामले की शिकायत ACB से की. शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने प्राथमिक स्तर पर जांच की. आरोपों की पुष्टि के बाद टीम ने जाल बिछाया. योजना के तहत शिकायतकर्ता 50 हजार रुपये की पहली किस्त लेकर अमीन के पास पहुंचा. जैसे ही विनोद लोहरा ने रकम ली, पहले से मौजूद ACB की टीम ने उसे रंगे हाथ रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

