- अपराध नियंत्रण को लेकर SP सख्त, लंबित मामलों के जल्द कार्रवाई के निर्देश
Palamu News: पलामू जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को मजबूत बनाने को लेकर पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने गुरुवार को Block-B स्थित सभागार में समीक्षा बैठक की. बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी और शाखा प्रभारी शामिल हुए.
इसे भी पढ़ें:
बैठक में एसपी ने जिले में अपराध की स्थिति, लंबित कांडों, पुलिस गश्ती, जन शिकायतों और अनुसंधान कार्यों की विस्तार से समीक्षा की. उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपराध पर नियंत्रण के लिए अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
एसपी ने वर्ष 2026 से पहले के लंबित मामलों, खासकर हत्या, लूट, डकैती, महिला उत्पीड़न और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े कांडों का जल्द निष्पादन करने को कहा. साथ ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और लंबित वारंट, इश्तेहार एवं कुर्की की कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया.
उन्होंने गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान पर जोर देते हुए कहा कि मामलों में वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों का सही तरीके से संकलन किया जाए. आरोप-पत्र समय सीमा के भीतर न्यायालय में दाखिल करने और मामलों की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने को भी कहा.
दीपावली और छठ पूजा को लेकर विशेष सतर्कता
आगामी दीपावली और छठ महापर्व को देखते हुए एसपी ने पुलिस अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया. दीपावली के दौरान बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और प्रमुख प्रतिष्ठानों में निगरानी बढ़ाने के साथ नियमित गश्ती और वाहन जांच करने को कहा गया.
वहीं, छठ पूजा को लेकर सभी घाटों और तालाबों का भौतिक निरीक्षण करने, खतरनाक एवं गहरे पानी वाले घाटों को चिह्नित करने और सुरक्षा के जरूरी इंतजाम समय पर पूरा करने का निर्देश दिया. घाटों पर भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा गया.
जनता की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई का निर्देश
एसपी ने थाना और ओपी में आने वाले आम लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुनने और उनका निष्पक्ष एवं त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया. उन्होंने पुलिसकर्मियों को आम जनता के साथ शालीन और संवेदनशील व्यवहार रखने को कहा.
इसके अलावा सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक खबरों पर नजर रखने तथा ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
बैठक के अंत में एसपी ने स्पष्ट किया कि अपराध गोष्ठी में दिए गए सभी निर्देशों का समय सीमा के भीतर पालन करना होगा. आगामी अपराध गोष्ठी में प्रत्येक बिंदु की समीक्षा की जाएगी. लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

