Search

 
 
 

Saraikela News: नशे के खिलाफ पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

नशा मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से सरायकेला पुलिस ने शुक्रवार को विशेष जागरूकता अभियान चलाया.
 

Seraikela News: नशा मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से सरायकेला पुलिस ने शुक्रवार को विशेष जागरूकता अभियान चलाया. थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में नगर क्षेत्र और साप्ताहिक हाट बाजार परिसर में नशा मुक्ति जागरूकता रैली निकाली गई. रैली के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया.

 

अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने आम लोगों को बताया कि नशाखोरी न केवल व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि परिवारों को भी प्रभावित करती है और समाज में अपराध को बढ़ावा देती है. पुलिस ने लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की.

 

थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह ने कहा कि नशे की लत युवाओं के भविष्य के लिए सबसे बड़ा खतरा है. उन्होंने युवाओं से खेल, शिक्षा और अन्य सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने तथा नशे से दूर रहकर अपने जीवन को बेहतर बनाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है.

 

इस दौरान थाना प्रभारी ने बच्चा चोरी जैसी अफवाहों को लेकर भी लोगों को सतर्क किया. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें. किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें या डायल-112 पर सूचित करें. उन्होंने यह भी कहा कि अफवाह फैलाना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई की जा सकती है.

 

रैली के दौरान पुलिस टीम ने बाजार में मौजूद दुकानदारों, ग्राहकों और अन्य नागरिकों के बीच जागरूकता पर्चे वितरित किए. साथ ही लोगों को नशा न करने और नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने की शपथ दिलाई गई. पुलिस ने नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और समाज को सुरक्षित, स्वस्थ तथा नशामुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही