Search

 
 
 

Khunti News: छठ महापर्व और बिरसा जयंती को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी ने दिए सुरक्षा के निर्देश

Khunti News: एसपी ऋषभ गर्ग ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के छठ घाटों का स्वयं निरीक्षण करने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. घाटों के आसपास खुले एवं क्षतिग्रस्त बिजली तारों की मरम्मत के लिए संबंधित विभाग से समन्वय बनाने को कहा गया.
 
बैठक करते एसपी
  • यातायात और पार्किंग व्यवस्था पर विशेष जोर
  • अफीम की खेती और अवैध खनन पर कार्रवाई
  • लंबित कांडों के अनुसंधान में तेजी लाने का निर्देश
  • मानव तस्करी की रोकथाम पर भी नजर

Khunti News: छठ महापर्व और 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उलिहातू में मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल के प्रस्तावित आगमन को लेकर खूंटी पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं. गुरुवार को पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग की अध्यक्षता में अपराध गोष्ठी आयोजित की गई. इसमें विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर थाना प्रभारियों एवं संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.

 

एसपी ऋषभ गर्ग ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के छठ घाटों का स्वयं निरीक्षण करने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. घाटों के आसपास खुले एवं क्षतिग्रस्त बिजली तारों की मरम्मत के लिए संबंधित विभाग से समन्वय बनाने को कहा गया. श्रद्धालु महिलाओं के लिए सुरक्षित और पर्दायुक्त अस्थायी चेंजिंग रूम बनाने के साथ स्थानीय गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. 

इसे भी पढ़ें:

एसपी ने छठ घाटों के आसपास वाहनों की पार्किंग समतल और सुरक्षित स्थानों पर कराने का निर्देश दिया, ताकि वाहन फिसलकर तालाब या श्रद्धालुओं की ओर नहीं पहुंचें. श्रद्धालुओं के आवागमन को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया.

 

अपराध गोष्ठी में अफीम की अवैध खेती और अवैध खनन पर भी चर्चा हुई. एसपी ऋषभ गर्ग ने पूर्व में चिह्नित अफीम खेती के हॉटस्पॉट क्षेत्रों और खेतों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया. साथ ही अवैध खनन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा.

 

एसपी ने लंबित कांडों के निष्पादन की समीक्षा करते हुए 60 और 90 दिनों की निर्धारित समय-सीमा वाले मामलों में अनुसंधान और आवश्यक कार्रवाई समय पर पूरी करने का निर्देश दिया. उन्होंने केस डायरी की गुणवत्ता सुधारने, समय पर संधारण करने और न्यायालय में गवाही सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि अभियोजन पक्ष मजबूत हो सके.

 

बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए दुर्घटना संभावित स्थलों और ब्लैक स्पॉट की पहचान कर निरोधात्मक उपाय करने का निर्देश दिया गया. नाबालिग बालक-बालिकाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता बरतते हुए त्वरित और विधिसम्मत कार्रवाई करने को कहा गया.

 

काम के सिलसिले में बाहर जाने वाले युवक-युवतियों की सुरक्षा और मानव तस्करी की रोकथाम के लिए पंचायतवार विवरण रजिस्टर में दर्ज करने का निर्देश दिया गया. इसके लिए बीटवार पुलिस पदाधिकारी नामित कर विवरण नियमित रूप से अपडेट रखने को कहा गया.

 

इसके अलावा थानों में जब्त और लावारिस पड़े वाहनों की समीक्षा कर नियमानुसार नीलामी अथवा निस्तारण की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया. एनडीपीएस मामलों में जब्त मादक पदार्थों के विधिसम्मत विनष्टीकरण और जमानत पर बाहर आए आरोपियों के सत्यापन एवं निगरानी पर भी एसपी ने जोर दिया.

 

एसपी ऋषभ गर्ग ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन करने को कहा. उन्होंने जनसुरक्षा, अपराध नियंत्रण, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान और प्रभावी अभियोजन को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही