Chatra: नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने लावालौंग थाना क्षेत्र के होसिर धनियोना गांव में छापेमारी कर 912 किलोग्राम प्रतिबंधित डोडा बरामद किया है. बरामद डोडा का अंतरराष्ट्रीय मूल्य करीब 1 करोड़ 37 लाख रुपये बताई जा रही है. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी का बैंक पासबुक भी जब्त किया है.
इसे भी पढ़ें:
सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊ साहेब ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि होसिर गांव निवासी जंगली गंझू के मिट्टी के पुराने मकान में भारी मात्रा में अवैध डोडा छिपाकर रखा गया है, जिसे बाहर के कारोबारियों को बेचने की तैयारी थी.
उन्होंने बताया कि सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊ साहेब के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. जिसके बाद टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जंगली गंझू के पुराने मिट्टी के मकान में छापेमारी की, जहां से 912 किलोग्राम प्रतिबंधित डोडा बरामद किया गया. मौके पर पुलिस को देखकर आरोपी भागने में सफल रहा. तलाशी के दौरान आरोपी का बैंक पासबुक भी जब्त किया गया, जिससे पुलिस को अवैध कारोबार से जुड़े वित्तीय लेन-देन की जांच में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की संभावना है.
एसडीपीओ नें बताया कि इस मामले में लावालौंग थाना में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. साथ ही पुलिस फरार आरोपी जंगली गंझू एवं इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. एसडीपीओ के अनुसार अभियान में लावालौंग थाना के प्रभारी थाना प्रभारी विधायक प्रसाद यादव समेत सशस्त्र बल एवं चौकीदार शामिल थे.
एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊ साहेब ने कहा कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. ऐसे कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. फरार आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कानून के कठोर प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी. आम नागरिक भी नशे के कारोबार की सूचना पुलिस को दें, उनकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment