- सुबह 8 बजे से होगी परेड
- जिलों से लेकर विशेष इकाइयों तक आयोजन की तैयारी
- 24 अक्टूबर तक भेजनी होगी रिपोर्ट
- शहीदों के बलिदान को नमन करने का अवसर
Ranchi News: झारखंड में 21 अक्टूबर को पुलिस संस्मरण दिवस मनाया जाएगा. इस अवसर पर कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी. पुलिस मुख्यालय ने राज्य के सभी संबंधित पुलिस प्रतिष्ठानों को निर्धारित समय पर कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया है.
इसे भी पढ़ें:
पुलिस मुख्यालय से जारी निर्देश के अनुसार, 21 अक्टूबर को सुबह 8 बजे राज्य के निर्धारित पुलिस प्रतिष्ठानों में संस्मरण दिवस परेड आयोजित की जाएगी. इस दौरान वर्ष 2025-26 में कर्तव्य के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों के नाम पढ़े जाएंगे. इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय के सूचना ब्यूरो की ओर से उपलब्ध कराई गई सूची का उपयोग किया जाएगा.
पुलिस संस्मरण दिवस उन जवानों के त्याग और साहस को नमन करने का अवसर है, जिन्होंने देश और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी. इस दिन शहीद पुलिसकर्मियों के योगदान को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया जाएगा.
पुलिस मुख्यालय ने झारखंड पुलिस अकादमी, हजारीबाग के निदेशक, रांची, जमशेदपुर और धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षकों समेत सभी संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षकों को आवश्यक निर्देश दिए हैं. रेल पुलिस, विशेष शाखा, वायरलेस विभाग, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, झारखंड सशस्त्र पुलिस (जैप), विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और भारतीय रिजर्व बटालियन (आईआरबी) सहित अन्य पुलिस इकाइयों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
मुख्यालय ने सभी प्रतिष्ठानों को निर्देश दिया है कि कार्यक्रम निर्धारित समय पर आयोजित हो और शहीदों को पूरे सम्मान के साथ श्रद्धांजलि दी जाए.
कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सभी संबंधित पुलिस इकाइयों को आयोजन की रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को भेजनी होगी. इसमें परेड और श्रद्धांजलि कार्यक्रम की तस्वीरें, वीडियो रिकॉर्डिंग, समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों की प्रतियां और कार्यक्रम का लिखित विवरण शामिल रहेगा. पुलिस मुख्यालय ने सभी संबंधित अधिकारियों को 24 अक्टूबर 2026 तक अनुपालन प्रतिवेदन भेजने का निर्देश दिया है.
हर वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मरण दिवस मनाया जाता है. यह दिन कर्तव्य के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों के साहस, समर्पण और सर्वोच्च बलिदान को याद करने के लिए समर्पित है. झारखंड में भी इस अवसर पर आयोजित परेड और श्रद्धांजलि कार्यक्रमों के माध्यम से शहीद जवानों के योगदान को सम्मानपूर्वक याद किया जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

