Ranchi : झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा थाना स्तर पर आयोजित पुलिस-व्यवसायी समन्वय समिति की बैठकों के तहत गुरुवार को पंडरा ओपी में बैठक आयोजित की गई. बैठक में बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लेकर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, व्यापारिक सुरक्षा और मंडी परिसर की व्यवस्थाओं से जुड़े मुद्दे उठाए.
बैठक में एएसपी कोतवाली निखिल राय, थाना प्रभारी विवेक कुमार एवं पंडरा यातायात थाना के एसआई धर्मेंद्र कुमार मौजूद रहे. व्यापारियों ने पंडरा कृषि मंडी में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की.
व्यापारियों ने बताया कि मंडी परिसर में शाम के समय अवैध महुआ शराब की बिक्री और जुआ गतिविधियों के कारण असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ रही है, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है. रांची चैंबर पंडरा के अध्यक्ष संजय माहुरी ने कहा कि पहले पुलिस कार्रवाई के बाद ऐसी गतिविधियां बंद हो गई थीं, लेकिन अब फिर से शुरू हो गई हैं. उन्होंने शाम 6 बजे के बाद नियमित पेट्रोलिंग की आवश्यकता बताई.
बैठक के दौरान कृषि मंडी की सुरक्षा संरचना पर भी चर्चा हुई. चैंबर के सह सचिव रोहित पोद्दार ने कहा कि लगभग 64 एकड़ क्षेत्र में फैली मंडी की कई जगहों पर बाउंड्री वॉल क्षतिग्रस्त है. इस पर एएसपी ने आश्वासन दिया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के माध्यम से कृषि विभाग को मरम्मत के लिए पत्र भेजा जाएगा. साथ ही मंडी में स्ट्रीट लाइट की कमी और सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने की मांग भी उठी.
व्यापारियों ने मंडी के सभी प्रवेश और निकास द्वारों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने की मांग रखी. मंडी में कार्यरत 12 सुरक्षा गार्डों और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय की जरूरत भी बताई गई.
यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापारियों ने मुख्य सड़क से मंडी प्रवेश तक तेज रफ्तार वाहनों और बढ़ते ट्रैफिक दबाव के कारण दुर्घटना की आशंका जताई और ट्रैफिक सिग्नल या यातायात कर्मियों की तैनाती की मांग की. टर्निंग प्वाइंट पर जाम की समस्या भी उठाई गई.
एएसपी कोतवाली ने व्यापारियों से संवेदनशील स्थलों की जानकारी साझा करने को कहा और भरोसा दिलाया कि आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएंगे. चैंबर महासचिव रोहित अग्रवाल के सुझाव पर पुलिस और व्यापारियों के बीच त्वरित संवाद के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाने और प्रत्येक माह नियमित बैठक आयोजित करने पर सहमति बनी.
बैठक के बाद एएसपी ने पुलिस टीम और चैंबर पदाधिकारियों के साथ कृषि मंडी परिसर का संयुक्त निरीक्षण भी किया और व्यापारियों से सीधे संवाद कर समस्याओं की जानकारी ली.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment