Ranchi News : झारखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने चुनाव आयोग को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार किया है. रांची स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में रविवार को आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कांग्रेस पर लोगों के बीच भ्रम फैलाने और संवैधानिक संस्थाओं पर बेवजह सवाल उठाने का आरोप लगाया.
इसे भी पढ़ें
आदित्य साहू ने कहा कि चुनाव आयोग के फैसलों को लेकर कांग्रेस जो बातें कह रही है, उनमें सच्चाई नहीं है. 26 सितंबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और दोनों चुनाव आयुक्तों ने संयुक्त बयान जारी कर साफ किया कि SIR समेत आयोग के प्रमुख फैसले सहमति से लिए गए हैं.
कैबिनेट सचिव को भेजे गए पत्र को लेकर भी आदित्य साहू ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज किया. कहा कि यह पत्र चुनाव आयोग की नीति या IT विभाग से जुड़ा मामला नहीं था. यह प्रतिनियुक्ति पर आए एक अधिकारी से जुड़ा मामला था.
फॉर्म 6 को लेकर उन्होंने कहा कि SIR के दौरान इसके साथ लगाए गए घोषणा पत्र की व्यवस्था सही है. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया में किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जा रहा है. रेहड़ी-पटरी पर काम करने वाले और झोपड़ी में रहने वाले लोगों को भी मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया जारी है.
EVM के मुद्दे पर भी आदित्य साहू ने कांग्रेस पर सवाल उठाए. कहा कि केरल, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक और झारखंड में कांग्रेस या उसके सहयोगी दल चुनाव जीतते हैं तो EVM पर सवाल नहीं उठाए जाते. वहीं, दूसरे राज्यों में हार के बाद EVM पर सवाल खड़े किए जाते हैं.
उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार सवाल उठाने का आरोप लगाया. उन्होंने राफेल, सर्जिकल स्ट्राइक और बालाकोट एयर स्ट्राइक से जुड़े पुराने विवादों का भी जिक्र किया. कहा कि विपक्ष जिस SIR का विरोध कर रहा है, मतदाता सूची को लेकर ऐसी प्रक्रियाएं पहले भी होती रही हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के कामों से जनता संतुष्ट है. विपक्ष के आरोपों से सरकार अपने काम से पीछे नहीं हटेगी. प्रेसवार्ता में प्रदेश प्रवक्ता अजय शाह, राफिया नाथ, सतीश सिन्हा व सह मीडिया प्रभारी नीरज भी मौजूद रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

