Ranchi News : ट्रेन के लेट होने की जानकारी साझा करने वाले झारखंड रेल यूजर्स के फेसबुक पोस्ट को दूसरी बार ब्लॉक कर दिया गया है. इस कार्रवाई को लेकर विधायक सरयू राय ने सवाल उठाया है. उन्होंने पूछा है कि आखिर किसकी शिकायत पर पोस्ट को भारत में देखने से रोका गया.
फेसबुक के नोटिस में कहा गया है कि भारत सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी नियमों के तहत कानूनी जरूरतों के कारण पोस्ट को प्रतिबंधित किया गया है. इससे पहले 5 सितंबर को भी झारखंड रेल यूजर्स के एक पोस्ट को ब्लॉक किया गया था. अब 9 सितंबर को फिर एक पोस्ट पर कार्रवाई हुई है.
इसे भी पढ़ें
झारखंड रेल यूजर्स पेज पर टाटानगर से गुजरने वाली ट्रेनों के समय और उनके लेट होने की जानकारी साझा की जाती है. हाल में ब्लॉक किए गए पोस्ट में साउथ बिहार एक्सप्रेस के बीएसपी से टाटा रूट पर एक घंटे से ज्यादा लेट होने की जानकारी दी गई थी. इसमें दुर्ग-बिलासपुर के बीच ट्रेन को चार घंटे से ज्यादा समय लगने की बात भी कही गई थी.
पोस्ट में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को टैग कर ट्रेनों की समयबद्धता सुधारने की मांग की गई थी. सरयू राय ने कहा कि यह पेज रेल यात्रियों की परेशानियों को सामने लाने का काम करता है. ऐसे में इसके पोस्ट को बार-बार ब्लॉक किया जाना सवाल खड़ा करता है. उन्होंने पूछा कि कार्रवाई किसकी शिकायत पर हुई और इसकी पूरी जानकारी सामने आनी चाहिए.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

