Ranchi News: ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) का 11वां अखिल भारतीय सम्मेलन 28 से 30 नवंबर 2026 तक महाराष्ट्र के नागपुर में आयोजित होगा. सम्मेलन की तैयारियों को लेकर शनिवार को रांची स्थित महेन्द्र सिंह भवन में आइसा झारखंड की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई. इस दौरान सम्मेलन के पोस्टर का लोकार्पण किया गया. संगठन ने GEN-Z के नए हिंदुस्तान के निर्माण का संकल्प दोहराते हुए छात्र-युवाओं से एकजुट होने का आह्वान किया.
इसे भी पढ़ें:
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए आइसा की राज्य अध्यक्ष विभा पुष्पा दीप ने कहा कि देश का छात्र-युवा वर्ग गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगार और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था के लिए संघर्ष कर रहा है. शिक्षा के निजीकरण, शैक्षणिक संस्थानों की बदहाली, पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में धांधली जैसे मुद्दे गंभीर चिंता का विषय हैं. आइसा इन सवालों पर छात्र-युवाओं को संगठित कर व्यापक आंदोलन खड़ा करने का प्रयास कर रहा है.
उन्होंने कहा कि NEET पेपर लीक के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन हो या झारखंड में JPSC-JSSC की परीक्षाओं में कथित धांधली और भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष, आइसा ने छात्रों के लोकतांत्रिक और शैक्षणिक अधिकारों की लड़ाई लड़ी है. उन्होंने कहा कि शिक्षा कोई विशेषाधिकार नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति का बुनियादी लोकतांत्रिक अधिकार है.
विभा पुष्पा दीप ने कहा कि ऐसा हिंदुस्तान बनाने की जरूरत है, जहां शिक्षा, रोजगार, समानता, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की गारंटी हो. इसी उद्देश्य के साथ नागपुर में 11वां अखिल भारतीय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है.
वहीं, आइसा के राज्य सचिव त्रिलोकीनाथ ने बताया कि सम्मेलन की तैयारी के लिए झारखंड में व्यापक सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है. विभिन्न जिलों में जिला सम्मेलन, विश्वविद्यालय सम्मेलन और इकाई सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं. संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए अलग-अलग स्थानों पर संयोजन समितियों का भी गठन किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक छात्र-युवाओं को शिक्षा, रोजगार, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय के संघर्ष से जोड़ना संगठन का लक्ष्य है.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य अध्यक्ष विभा पुष्पा दीप, राज्य सचिव त्रिलोकीनाथ, राज्य उपाध्यक्ष विजय कुमार, राज्य सह सचिव रितेश मिश्रा के अलावा मो. समी, सोनाली केवट और निखिल राज उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

