Ranchi News : पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव ने मंगलवार को रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने पोड़ैयाहाट विधानसभा क्षेत्र और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर मुख्यमंत्री से चर्चा की और मांग पत्र सौंपा.
इसे भी पढ़ें...
प्रदीप यादव ने हंसडीहा के नवनिर्मित स्वास्थ्य केंद्र को जल्द शुरू करने की मांग की. उन्होंने कहा कि अस्पताल में जरूरी संसाधन, आधुनिक उपकरण और डॉक्टर-कर्मियों की पदस्थापना की जाए. साथ ही ट्रामा सेंटर समेत सभी स्वास्थ्य सेवाएं जल्द शुरू हों, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर इलाज मिल सके.
पैरडीह में ROB निर्माण की मांग
विधायक ने गोड्डा-हंसडीहा रेलखंड पर जमुआ (पैरडीह) अंडरपास की समस्या भी मुख्यमंत्री के सामने रखी. उन्होंने कहा कि अंडरपास में जलजमाव के कारण लोगों को काफी परेशानी होती है. इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का निर्माण जल्द शुरू कराया जाना चाहिए.
मॉडल कॉलेज में सुविधाएं बढ़ाने की मांग
प्रदीप यादव ने मॉडल कॉलेज, गोड्डा (सुगाबथान, पोड़ैयाहाट) में छात्र-छात्राओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की. उन्होंने हॉस्टल, पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं बहाल करने के साथ शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग की. इसके लिए SKMU विश्वविद्यालय और उच्च शिक्षा विभाग के स्तर से जल्द कार्रवाई करने का आग्रह किया.
परसौती स्टेडियम के विकास पर जोर
विधायक ने भटौंधा पंचायत के परसौती आउटडोर स्टेडियम के जीर्णोद्धार और विस्तार की मांग भी रखी. उन्होंने कहा कि वहां पर्याप्त जमीन उपलब्ध है. ऐसे में स्टेडियम का आकार बढ़ाकर इसे बेहतर तरीके से विकसित किया जाए, ताकि स्थानीय युवा क्रिकेट, फुटबॉल समेत अन्य खेलों का अभ्यास और प्रतियोगिताएं कर सकें.
मुख्यमंत्री ने दिया कार्रवाई का भरोसा
प्रदीप यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक पहल का भरोसा दिया है. मुख्यमंत्री ने संबंधित मामलों में जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है. विधायक ने कहा कि पोड़ैयाहाट की जनता की समस्याओं का समाधान और क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

