Ranchi News: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन शुक्रवार की शाम तीन दिवसीय दौरे पर रांची पहुंच रहे हैं. वे 24-25 अक्टूबर को होने वाली बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भाग लेंगे. प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को लेकर पार्टी ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. कार्यक्रमों के सुचारू संचालन के लिए प्रदेश पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं.
तैयारियों को दिया गया अंतिम रूप
बैठक को असरदार बनाने के लिए प्रदेश कार्यालय में अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में एक अहम बैठक हुई. इसमें राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल, राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप कुमार वर्मा, सह-प्रभारी निवेदिता सिंह और संगठन मंत्री पवन कुमार साय मौजूद रहे. प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने बताया कि सभी पदाधिकारियों को उनके विभाग के अनुसार काम बांट दिए गए हैं.
इसे भी पढ़ें -
कार्यकर्ताओं में उत्साह
प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का झारखंड से पुराना और गहरा जुड़ाव रहा है. उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है. प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में होने वाली इस पहली कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन 24 अक्टूबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष करेंगे.
नए नेतृत्व की पहली बड़ी संगठनात्मक बैठक
गौरतलब है कि इसी साल की शुरुआत में नितिन नबीन को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया था. इधर झारखंड में भी आदित्य साहू को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई. शीर्ष और राज्य स्तर पर हुए इन बदलावों के बाद, नए नेतृत्व की अगुवाई में हो रही यह पहली प्रदेश कार्यसमिति बैठक है. इसमें आगामी राजनीतिक रणनीतियों और संगठन की मजबूती पर अहम फैसले लिए जाने की उम्मीद है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

