Deoghar News: देवघर छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने में परेशानी न हो और अर्घ्य के दौरान सुरक्षा में कोई चूक न रहे, इसके लिए देवघर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं. बुधवार को अपर नगर आयुक्त रजनीश कुमार ने शहर के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण कर अधिकारियों को काम में तेजी लाने का निर्देश दिया.
इसे भी पढ़ें:
उन्होंने मंगल बांध, नंदन पहाड़, दड़वा नदी, माथा बांध, रामपुर और शिवगंगा छठ घाटों पर सफाई, कचरा उठाव और पहुंच पथों की स्थिति देखी. स्पष्ट निर्देश दिया कि शेष सभी कार्य गुरुवार तक हर हाल में पूरे किए जाएं. नगर निगम के अनुसार, अधिकांश घाटों पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं. दड़वा नदी घाट की सफाई लगभग पूरी हो चुकी है. श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान बनाने के लिए जेसीबी से पहुंच पथों का समतलीकरण भी कराया गया है.
सुरक्षा को लेकर अपर नगर आयुक्त ने अभियंत्रण शाखा को पानी की गहराई बताने वाले संकेतक बोर्ड लगाने और संवेदनशील स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया. उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम पूरा करने को कहा. नगर निगम की कोशिश है कि छठ व्रतियों को स्वच्छ घाट, सुरक्षित वातावरण और सुगम रास्ते मिलें, ताकि वे बिना किसी परेशानी के भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

