Search

संस्थापक दिवस की तैयारियां तेज, जुबिली पार्क 15 दिन रहेगा बंद, लोगों के प्रवेश वर्जित

Jamshedpur: टाटा स्टील के संस्थापक जेएन टाटा का जन्मदिवस हर साल 3 मार्च को मनाया जाता है. उनके जन्मदिवस को जमशेदपुर शहर में बड़े ही धूम धाम से मनाया जाता है. इसे लेकर पहले से तैयारियां की जाती हैं. इस बार भी उनके जन्मदिवस को लेकर शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं. 

 

संस्थापक दिवस के अवसर पर जुबिली पार्क में होने वाली भव्य लाइटिंग और सजावट कार्य को देखते हुए पार्क को अगले 15 दिनों के लिए बंद करने का फैसला लिया गया है. धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी अर्णव मिश्रा ने आदेश जारी किया. इस आदेश के मुताबिक, जुबिली पार्क का मुख्य गेट 21 फरवरी से 7 मार्च तक आम जनता और वाहनों के लिए पूरी तरह बंद रहेगा.

 

सुरक्षा के चलते लिया गया निर्णय 

प्रशासन और जुस्को प्रबंधन ने पार्क बंद करने का फैसला पर्यटकों की सुरक्षा के मद्देनजर रखते हुए लिया है. ताकि लाइटिंग और सजावट के दौरान कोई अप्रिय घटना न हो. दरअसल, सजावट के दौरान भारी मशीनों और बिजली के तारों का कार्य चलता है. कार्य में किसी तरह का व्यवधान न हो, इसलिए पार्क को बंद रखा जा रहा है. इस दौरान पार्क रोड से गुजरने वाले सभी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा. स्पष्ट है कि इस अवधि में किसी भी बाहरी व्यक्ति को पार्क परिसर के भीतर जाने की अनुमति नहीं होगी.

 

स्कूली बच्चों को होगी परेशानी

पार्क बंद होने से सबसे ज्यादा असर मानगो और साकची से सोनारी व कदमा की ओर जाने वाले लोगों पर होगा. अब सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों को लंबे रास्तों का चक्कर लगाना होगा. बता दें कि इससे पहले 25 दिसंबर से 10 जनवरी के बीच भी पिकनिक सीजन को लेकर पार्क में पाबंदियां लगाई गई थीं, लेकिन संस्थापक दिवस की लाइटिंग के लिए इतने लंबे समय तक गेट बंद रखने का यह पहला बड़ा आदेश है.

 

सुबह टहलने वाले के लिए संशय

हालांकि, आदेश में पर्यटकों और वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है, लेकिन रोजाना सुबह में सैर-सपाटा करने वाले के लिए कुछ भी स्पष्ट नहीं किया गया. जुस्को प्रबंधन ने भी कुछ भी सफाई नहीं दी. फिलहाल, 21 फरवरी से इस रास्ते का उपयोग करने वाले शहरवासियों को अन्य वैकल्पिक मार्गों से गुजरना होगा.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp