Search

 
 
 

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारी शुरू, रांची को साफ-सुथरा शहर बनाने पर जोर

रांची नगर निगम ने नए साल के साथ ही शहर को साफ और कचरा मुक्त बनाने का काम तेज कर दिया है.
 

Ranchi : रांची नगर निगम ने नए साल के साथ ही शहर को साफ और कचरा मुक्त बनाने का काम तेज कर दिया है. फरवरी में होने वाले स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 को लेकर आज अपर प्रशासक संजय कुमार की अध्यक्षता में नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक हुई.

 

बैठक में तय किया गया कि रांची को “गार्बेज फ्री सिटी” बनाने के लिए हर वार्ड में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा. शहर के सभी 53 वार्डों में काम की निगरानी के लिए 10 टीमों का गठन किया गया है.


बैठक में क्या-क्या तय हुआ

हर वार्ड में 4 से 5 ऐसे इलाकों को चुना जाएगा, जहां ज्यादा लोग आते-जाते हैं. इन जगहों पर रोजाना सफाई होगी, कचरा अलग-अलग करने की व्यवस्था रहेगी और कचरा उठाने वाली गाड़ियां समय पर पहुंचेंगी.

 

दुकान और बाजार वाले इलाकों में दिन में दो बार कचरा उठाया जाएगा. जहां-जहां कचरा ज्यादा फैलता है, उन जगहों को खत्म करने के लिए बाजार समिति के साथ मिलकर काम किया जाएगा और उन स्थानों को सुंदर बनाया जाएगा.

 

सफाई करने वाली गाड़ियों के लिए तय समय और रास्ता बनाया जाएगा. सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर सख्ती की जाएगी और लोगों को पर्यावरण के अनुकूल चीजें अपनाने के लिए समझाया जाएगा. स्कूलों में बच्चों को स्वच्छता का महत्व बताया जाएगा. शहर के सभी सार्वजनिक शौचालयों की रोजाना अच्छे से सफाई की जाएगी.


लोगों की भागीदारी जरूरी

नगर निगम लोगों को कचरा अलग करने, कचरा गाड़ी के समय की जानकारी देने और शिकायत दर्ज कराने के लिए QR कोड और टोल फ्री नंबर की सुविधा देगा. लोगों से अपील की गई कि वे अपने वार्ड को आदर्श वार्ड बनाने में सहयोग करें. अपर प्रशासक संजय कुमार ने कहा कि अगर सभी शहरवासी साथ दें, तो स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में रांची अच्छा स्थान हासिल कर सकता है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही